Breaking News

जो व्यक्ति कर्तव्य के प्रति सजग होते हैं, वे सम्मान के पात्र बनते हैं: मुनिश्री विनम्रसागरजी महाराज

सम्मान समारोह के तीसरे दिन 110 कोरोना योद्धाओं और समाजसेवियों को जीव दया सम्मान से सम्मानित किया


जो व्यक्ति कर्तव्य के प्रति सजग होते हैं, वे सम्मान के पात्र बनते हैं: मुनिश्री विनम्रसागरजी महाराज 

सेवा के लिए समर्पित योद्धा पूज्य है: मुनिश्री निस्पृहसागरजी   

लोकमत चक्र.कॉम (20 oct. 2020)

देवास (खातेगांव) - जीवन में किसी भी परिस्थिति में आए कोई भी संकट को सदमे की तरह मत लो संकट का सामना भय, निराशा और डर से परे होकर डटकर करो। जो कर्तव्य के प्रति सजग होते हैं, वही सम्मान के पात्र बनते हैं। उक्त उद्गार सम्मान समारोह में मुनिश्री विनम्र सागरजी महाराज ने व्यक्त किए। मुनिश्री ने कहा कि पर पीड़ा को पीने वाले राम बन जाते हैं। कोरोना काल में पुलिस ने अपने कर्तव्य का निर्दोष पालन किया है। कोरोना के चलते जहां मंदिर तक बंद थे, तब पुलिसकर्मी ही हमारी रक्षा के लिए ब्रह्मा, विष्णु और महेश के रूप में थे। जो सहिष्णु है, वही विष्णु है। मानव तो सब है, लेकिन सच्चा इंसान वही है जो दूसरों के दुख में दुखी है। 

इस अवसर पर मुनिश्री निस्पृहसागरजी ने कहा पुलिस और सैनिक भी साधु की तरह ही अपने कर्तव्य के प्रति सजग और समर्पित रहते हैं। लॉकडाउन और कोरोना काल में इनका समर्पण हम सभी ने देखा है। बिना आत्मानुशासित हुए आप किसी पर शासन थोंप नहीं सकते। पुलिस ने अपने आत्मानुशासन के पाठ से कोरोना काल की कठिनतम ड्यूटी की है। वहीं स्वयंसेवी संस्थाओं और स्वयंसेवियों ने अपने-अपने स्तर से घरों में कैद आम जनों की मदद करने में अग्रणी भूमिका निभाई। सेवा के लिए समर्पित योद्धा पूज्य हैं। 

पांच दिवसीय जीव दया सम्मान समारोह के तीसरे दिन मंगलवार को लगभग 110 कोरोना योद्धाओं और समाजसेवियों का सम्मान मुनिसंघ के सानिध्य में खातेगांव जैन समाज द्वारा किया गया। जिसमें प्रमुख रूप से पुलिस प्रशासन, ऑपरेशन ढ़ाल के कार्यकर्ता, लॉकडाउन के दौरान निःशुल्क राशन-भोजन और औषधि उपलब्ध कराने वाले समाजसेवी एवं समाजसेवी संस्थाएं, राजनैतिक और सामाजिक संगठनों का सम्मान किया गया। 

तीसरे दिन प्रथम सत्र में हरदा नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, पूर्व विधायक बृजमोहन धूत तथा दूसरे सत्र में एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा, डीएसपी शशांक जैन एवं पूर्व विधायक श्याम होलानी, कन्नौद जनपद अध्यक्ष ओम पटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। संदीप पाटनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मनीषा पाटनी व रानू बाकलीवाल के मंगलाचरण से हुई। अतिथियों एवं कार्यक्रम पुण्यार्जक प्रियेश अशोक लुहाड़िया ने आचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज के चित्र का अनावरण कर दीप प्रज्वलन किया। जैन समाज कमेटी एवं चातुर्मास कमेटी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन पुनीत जैन ने किया, आभार नरेंद्र चौधरी ने माना।


इस अवसर पर एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि आदर्शों से मिला सम्मान अनमोल होता है। जैन समाज द्वारा पुलिस प्रशासन और सभी वॉलेंटियर्स का किया गया यह सम्मान हमारे कार्य को नई ऊर्जा और प्रेरणा देगा। 

इन स्वयंसेवी संस्थाओं को किया सम्मानित: वरिष्ठ नागरिक मंच, दादाजी भक्तमंडल, संस्था अभिनव, बटूक आश्रम, परगना चिकित्सक मंडल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कांग्रेस परिवार, भाजपा परिवार, मुस्लिम विकास परिषद

कोई टिप्पणी नहीं