Breaking News

गायों के लिए स्वर्ग और सुरक्षित स्थल बनेगा मध्यप्रदेश

गायों के लिए स्वर्ग और सुरक्षित स्थल बनेगा मध्यप्रदेश


देश में पहली बार बनी गौ कैबिनेट के सदस्य कृषि मंत्री कमल पटेल ने देश भर में जारी गौ संरक्षण के कार्यों का जायजा लेना शुरू किया

लोकमत चक्र.कॉम (www.lokmatchakra.com)

भोपाल। मध्यप्रदेश गायों के लिए स्वर्ग और सबसे सुरक्षित स्थल बनेगा। देश में पहली बार बनी गौ कैबिनेट के सदस्य कृषि मंत्री कमल पटेल प्रभावी योजना को जमीन पर उतारने के लिए देश भर में जारी गौ संरक्षण के कार्यों का जायजा ले रहे हैं। गायों के प्रति कमल पटेल की भक्ति पहले भी कम नहीं थी, राजस्व मंत्री के रूप में प्रदेश की सभी 23 हजार ग्राम पंचायतों में गौशाला खोलने का फैसला लेने वाले वह पहले मंत्री थे।

पशुपालन और खासकर गौ पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। किसान पुत्र, कृषि मंत्री कमल पटेल इस वास्तविकता से परिचित हैं इसलिए मंत्री के रूप में किसान और पशुपालन उनकी नीतियों में हमेशा प्राथमिकता रहा है। प्रदेश में राजस्व मंत्री के तौर पर काम करने का अवसर मिलने पर उन्होंने सभी 23 हजार ग्राम पंचायतों में गौ शालाएं खोलने का निर्णय लेकर उनके लिए जगह तय करने को प्राथमिकता दी। 

कमल पटेल ने कहा कि दिग्विजय सिंह के शासनकाल में चरनोई की जमीन पर भू माफियाओं का कब्जा शुरू हो गया था इससे पशुपालन की कठिनाइयों का दौर शुरू हो गया था जिसे दूर करना उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गौ संरक्षण के लिए देश में पहली बार गौ कैबिनेट गठित कर कृषि मंत्री कमल पटेल को सदस्य बनाया है। कमल पटेल इस जिम्मेदारी के साथ एक ऐसी योजना को जमीन पर उतारने की तैयारियों में जुट गए हैं जिससे पूरा मध्यप्रदेश गायों के लिए स्वर्ग और सबसे सुरक्षित क्षेत्र के रूप में विकसित हो सके। 

कृषि मंत्री कमल पटेल इसी कड़ी में राजस्थान के नागौर में महामंडलेश्वर स्वामी कुशालगिरी महाराज द्वारा संचालित विश्वस्तरीय गौ चिकित्सालय का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। इस चिकित्सालय में गायों के कैंसर सहित अन्य सभी गंभीर बीमारियों का इलाज किया जाता है। अनाथ हुए गौधन को बचाने के लिए भी यहां बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं। प्रवास के दौरान कृषि मंत्री कमल पटेल ने यहां विधि विधान के साथ गौमाता का पूजन किया और गौसेवा के कार्यों में हाथ बंटाया। 

कमल पटेल ने चिकित्सालय के संचालन और विशेषज्ञों की पूर्ति के संबंध में भी स्वामी कुशालगिरी महाराज से चर्चा कर जानकारी ली। कृषि मंत्री कमल पटेल देश में अन्य स्थानों पर गौ संरक्षण के लिए शासकीय और निजी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी जुटा रहे हैं जिससे एक समन्वित और आदर्श योजना को अंतिम रूप देकर अमल में लाया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं