Breaking News

हवाबाज नेताओं की वजह से हारती है पार्टी, आखिरी 3 दिन में हमें मेहनत करने की जरूरत - कमलनाथ

हवाबाज नेताओं की वजह से हारती है पार्टी, आखिरी 3 दिन में हमें मेहनत करने की जरूरत - कमलनाथ

भोपाल : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि हम आखिरी के तीन दिनों में चुनाव हारते हैं। आखिरी तीन दिनों में कांग्रेस को मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने
हवाबाज नेताओं से पार्टी को बचने की जरूरत बताते हुए कहा कि पार्टी हवाबाज नेताओं की वजह से चुनाव हारती है। हम मंडलम सेक्टर को मजबूत करेंगे तो ही चुनाव जीत सकेंगे।

उपचुनाव को लेकर बुलाई गई बैठक में नाथ ने कहा कि उपचुनावों का भी अपना एक अलग ही मायना होता है।इससे न सरकार बनती है, न बिगड़ती है लेकिन उपचुनावों के परिणाम देश-प्रदेश में एक संदेश के रूप में होते हैं। नाथ ने कहा कि दो साल बाद प्रदेश में विधानसभा के चुनाव हैं, यह चारों उपचुनाव उस चुनाव के लिए एक संदेश के रूप में होंगे। आज हमने यह महत्वपूर्ण बैठक चारों उपचुनाव की तैयारियों व रणनीति को लेकर बुलाई है। हम इन क्षेत्रों के सभी प्रमुख कांग्रेस जनों, कार्यकर्ताओं से राय मशविरा कर इन चुनाव रणनीति और यहां के प्रत्याशियों के नाम को अंतिम रूप देंगे। जो भी जीतने वाला योग्य उम्मीदवार होगा, उसे हम अपना प्रत्याशी बनाएंगे। जो भी प्रत्याशी पार्टी की तरफ़ से तय होगा, सभी कांग्रेस जन पूरी ताकत व एकजुटता से उसे जिताने के लिए मैदान में जुट जाएं। जिस प्रकार दमोह में हमने उपचुनाव भारी मतो से जीता, वैसे ही हमें यह सभी उपचुनाव भी भारी मतों से जीतना है।

अब आमसभाओं, रैलियों का समय गया

नाथ ने कहा कि दमोह का उपचुनाव हमारे संगठन के मंडल-बूथ-सेक्टर के कार्यकर्ताओं ने लड़ा। उस चुनाव की जीत मंडल-सेक्टर के कार्यकर्ताओं की जीत रही, संगठन की जीत रही। उन्होंने कहा कि मैं शुरू से ही कहता हूं कि हमारा मुकाबला भाजपा से नहीं बल्कि उसके संगठन से है। आज की राजनीति परिवर्तनशील व स्थानीय हो चली है। अब बड़ी-बड़ी आम सभाओं और रैलियों का समय गया। अब तो बूथ पर व जनता से सीधे जुड़ाव का समय है। जिसका जनता से सीधा जुड़ाव होगा, उसकी जीत सुनिश्चित है। हमें क्षमतावान लोगों की पहचान करना होगी। इन क्षेत्रों में मंडल-सेक्टर की इकाइयों में सभी योग्य, निष्ठावान लोगों का चयन हो, इस बात का आप सब लोग विशेष रुप से ध्यान रखें। हमें तेरा-मेरा नहीं देखते हुए सभी को साथ लेकर चलना है।

नाथ ने कहा कि प्रदेश में हमारी 15 माह की सरकार ने अपनी नीति व नीयत का परिचय दिया। इन 15 माह में मैंने किसी भी कांग्रेसजन का सर कभी भी शर्म से झुकने नहीं दिया। हमारी 15 माह की सरकार के कामों की कोई आलोचना भी नहीं कर सकता है, हमने इन 15 माह में प्रदेश की पहचान को बदलने का काम किया।आज जनता महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ते अपराधों से परेशान है। आज महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं, किसान परेशान हैं। संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता खत्म करने का काम किया जा रहा है, हमारी आजादी, निजता और संस्कृति पर हमला करने का काम किया जा रहा है। हमारे देश की संस्कृति लोगों को जोड़ने का काम करती है, यही कांग्रेस की भी संस्कृति है। आज हमारे सामने कई चुनौतियाँ है। इन उपचुनावो के परिणाम युवाओं का, किसानों का, प्रदेश के लोगों के आत्मसम्मान का भविष्य तय करेंगे। 

जो भी प्रत्याशी बने सब उसके लिए जुटें

इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी मुकुल वासनिक ने कहा कि आप सब लोग मैदान में है। आपको पता है कि लड़ाई कैसे लड़ना है। हम सबको आपसी मतभेद भुलाकर, एकजुट तरीके से इस लड़ाई को लड़ना है। सभी अपनी राय रखें, हम सभी की राय को महत्व देंगे लेकिन जो भी प्रत्याशी तय हो, सभी मिलकर पूरी ईमानदारी से उसके लिए जुड़ जाएं। आज अनुशासन हमारे लिए महत्वपूर्ण है, हमें अनुशासन का ध्यान विशेष रूप से रखना होगा। जिस प्रकार हमने एकजुटता से लड़कर दमोह सीट जीती है, वैसे ही हमें यह चारों सीटें भी हर हाल में जीतना है। बैठक में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सुधांशु त्रिपाठी, सी पी मित्तल, कुलदीप इंदौरा, संजय कपूर, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, चंद्रप्रभाष शेखर, राजीव सिंह, सज्जन वर्मा, नर्मदा प्रसाद प्रजापति, कार्यकारी अध्यक्ष बाला बच्चन, रामनिवास रावत, सुरेंद्र चौधरी, विपिन वानखेड़े, रजनीश सिंह, अर्चना जायसवाल, उपचुनाव क्षेत्रों के प्रभारी रवि जोशी, लखन घनघोरिया, प्रवीण पाठक, मनोज चावला, अजय टंडन सहित कांग्रेस संगठन के प्रमुख पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं