Breaking News

तबादले की समय सीमा बढ़ी, अब 7 अगस्त तक होंगे स्थानांतरण, इसी दिन होगा अन्न उत्सव

तबादले की समय सीमा बढ़ी, अब 7 अगस्त तक होंगे स्थानांतरण, इसी दिन होगा अन्न उत्सव

लोकमतचक्र.कॉम।
भोपाल : शिवराज कैबिनेट ने प्रदेश में तबादलों की समय सीमा 7 अगस्त तक के लिए बढ़ा दी है। कई मंत्रियों के विभागों में तबादलों को लेकर प्रारंभिक दौर का ही काम नहीं हो पाया है। ऐसे में 31 जुलाई तक तबादला सूची जारी करवाने में असमंजस की स्थिति बनी थी। कैबिनेट बैठक के दौरान मंत्रियों ने सीएम चौहान से तबादले की अवधि बढ़ाने की मांग की जिसके बाद मुख्यमंत्री ने 7 दिन का समय और तबादले के लिए तय किया है।

7 अगस्त को अन्न उत्सव

 बैठक के दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि प्रदेश में 7 अगस्त को अन्न उत्सव आयोजित किया जायेगा। इसके अंतर्गत प्रदेश की 25435 राशन दुकानों से खाद्यान्न वितरण होगा। प्रत्येक दुकान पर प्रतीकात्मक रूप से 100 हितग्राहियों को थैले में राशन दिया जायेगा। दुकानों पर यह आयोजन कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए होगा। मुख्यमंत्री चौहान ने मंत्री परिषद की बैठक के पूर्व संबोधन में यह बात कही। कैबिनेट ने तय किया है कि दंत चिकित्सक के 419 पद सृजित होंगे जो तीन साल में भरेंगे।

 मुख्यमंत्री चौहान ने कहा की जारी वर्षा से प्रदेश में फसलों को जीवन मिला है।

44 % जनसंख्या को पहला डोज

सीएम चौहान ने कहा कि प्रदेश में टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 2 करोड़ 42 लाख लोगों को पहली डोज़ दी जा चुकी है। इस प्रकार प्रदेश की 44% जनसंख्या को पहला डोज लगाया जा चुका है। प्रदेश में 4730000 लोगों को दूसरा डोज भी लगाया जा चुका है जो कुल पात्र जनसंख्या का 9% है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में 10 के 1 वायल से 11 लोगों को वैक्सीनेट करने के प्रयास निरंतर जारी हैं। जुलाई माह में 2500000 लोगों को टीके लग चुके हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने मंत्रियों को अपने जिलों में टीकाकरण अभियान की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए।

शालाओं का संचालन प्रतीकात्मक, निरीक्षण करें मंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रतीकात्मक रूप से शालाओं का संचालन आरंभ किया जा रहा है। मंत्री गण अपने जिलों में शालाओं की व्यवस्था का निरीक्षण आवश्यक रूप से करें। शालाओं में कोरोना अनुकूल  व्यवहार का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यार्थी पालकों की अनुमति से ही स्कूल आएं।

कोई टिप्पणी नहीं