Breaking News

मंत्री बिसाहू लाल तलब, CM बोले मंत्रियों को मर्यादा का पालन करना होगा, VD ने भी जनता से मांगी माफी

मंत्री बिसाहू लाल तलब, CM बोले मंत्रियों को मर्यादा का पालन करना होगा, VD ने भी जनता से मांगी माफी


लोकमतचक्र.कॉम।

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए वक्तव्य पर खासी नाराजगी व्यक्त की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में मंत्री बिसाहूलाल को सीएम निवास बुलाकर सीएम चौहान ने उनके वक्तव्य पर जमकर नाराजगी जताई और कहा कि इसके लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी। सीएम निवास में ही मंत्री बिसाहूलाल ने सार्वजनिक तौर पर हाथ जोड़कर माफी मांगी और कहा कि अगर उनके वक्तव्य से महिलाओं का अपमान हुआ है तो वे इसके लिए माफी मांगते हैं। इसके पहले भी वे लिखित और मौखिक तौर पर माफी मांग चुके हैं लेकिन पिछले 2 दिन से उनका विरोध जारी है और प्रदेश भाजपा दफ्तर तथा मंत्री के बंगले पर उनका घेराव राजपूत समाज की ओर से किया जा रहा है।


रविवार को सीएम निवास में मंत्री बिसाहूलाल को बुलाने के बाद मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष शर्मा के साथ बैठकर पूरे मामले पर चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने  बयान में कहा कि महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां, बहन, बेटी का मान, सम्मान और कल्याण भारतीय जनता पार्टी के लिए, उनकी सरकार के लिए और व्यक्तिगत उनके लिए सर्वोपरि है। मां बहन बेटी के लिए भाजपा की सरकार के लिए देवी तुल्य है और उनके कल्याण के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि भावना कुछ भी हो, संदेश गलत नहीं जाना चाहिए। एक- एक शब्द तौल- तौल कर बोलना चाहिए। सीएम चौहान ने कहा कि मैंने चेतावनी दी है कि ऐसी कोई भी वक्तव्य जारी नहीं होना चाहिए जिससे गलत संदेश जाए। अगर इस तरह का कोई गलत संदेश वाली भावना का प्रकटीकरण भाजपा के कार्यकर्ता या मंत्री करेंगे तो उन्हें क्षमा नहीं किया जाएगा। मंत्री और कार्यकर्ताओं को भी मर्यादा का पालन करना होगा।


प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा की ओर से मांगी माफी
उधर सीएम के बयान के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भी बयान जारी कर कहा है कि अगर मंत्री के बयान से किसी की भावना आहत हुई है हुए प्रदेश अध्यक्ष के नाते भाजपा की ओर से माफी मांगते हैं। उन्होंने अभियान सीएम निवास पर मुख्यमंत्री चौहान के साथ मंत्री बिसाहूलाल सिंह के स्पष्टीकरण के उपरांत दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा किसी भी प्रकार का बयान नहीं देना चाहिए चाहे कोई भी नेता हो, किसी भी वर्ग का हो, किसी भी समाज को आहत होना, यह दुर्भाग्य जनक है। ऐसा नहीं होना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से अध्यक्ष होने के नाते अगर किसी को वक्तव्य के कारण मन के अंदर भावनाओं को ठेस पहुंची है तो भारतीय जनता पार्टी की तरफ से सभी लोगों से, समाज के वर्गों से क्षमा प्रार्थी हूं।

कोई टिप्पणी नहीं