Breaking News

तेज रफ्तार कार ने रौंदा छात्र ओर मजदूर को, दोनों की हुई मौत

तेज रफ्तार कार ने रौंदा छात्र ओर मजदूर को, दोनों की हुई मौत

टिमरनी तहसील के पोखरनी ग्राम के किसान के नाम पर दर्ज है कार, ग्रामीणों में आक्रोश


लोकमतचक्र.कॉम।

हरदा. तेज रफ्तार कार चालक ने गुरुवार दोपहर रहटगांव तहसील के पानतलाई गांव में स्कूल से लौट रहे तीसरी कक्षा के छात्र को कुचल दिया। ग्रामीणों की पिटाई के डर से भागते समय उसने साइकिल सवार मजदूर को भी रौंद दिया। इस तरह हादसे में छात्र और मजदूर की मौत हो गई। वहीं तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई और चालक भाग निकला। रहटगांव थाना प्रभारी मनोज उइके ने बताया कि शासकीय प्राथमिक स्कूल पानतलाई में तीसरी कक्षा में पढऩे वाला आठ साल का अंश निहाल डेढ़ से दो बजे के बीच मध्यान्ह भोजन कर घर लौट रहा था। इस दौरान दूधकच्छ गांव से आ रही तेज रफ्तार कार एमपी-47-सीए-4061 ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की पिटाई के डर से भागते समय दो किमी दूर जाकर उसने साइकिल सवार मजदूर गजराज पिता रामभाऊ ओसले (50) निवासी सोहागपुर को भी टक्कर मारकर दी। मजदूर कार में फंस गया तो उसे 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घायल मजदूर की जिला अस्पताल में मौत हो गई।

मूकबघिर मां का इकलौता बेटा था अंश

अंश की मां अनिता मूकबघिर है। इकलौते बेटे के जन्म के बाद ही पति धीरज निहाल निवासी मूंदी (खंडवा) उसे छोड़कर चला गया। अब आठ साल से अनिता पिता चंपालाल निहाल के साथ रह रही है। नाना ने कहा कि बेटी का बुढ़ापे का इकलौता सहारा हादसे का शिकार हो गया।

दोपहर की घटना की पौने नौ बजे तक एसपी को जानकारी ही नहीं

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर ही मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत डायल 100 को इसकी सूचना भी दी लेकिन इसके बावजूद भी वह दो घंटे बाद पहुंची। पत्रकारों ने रात 8 .45 बजे पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार अग्रवाल से भी कार की टक्कर से दो लोगों की मौत पर आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर जानकारी चाही तो उन्होंने हादसे से अज्ञभिज्ञता जताई। दोपहर 2 बजे की घटना की अधीनस्थ अफसरों ने एसपी को मामले की जानकारी तक नहीं दी। पत्रिका ने जब उन्हें पूरी जानकारी दी तो उन्होंने अधिकारियों से चर्चा करने की बात कहीं। हादसे के बाद भी मृतकों के गांव के पानतलाई और सोहागपुर के लोग भी जिला अस्पताल पहुंचे और पुलिस की लचर कार्यशैली पर गुस्सा जाहिर किया।

कार पोखरनी के किसान नागेश पाटिल के नाम दर्ज
हादसा करने वाली कार एमपी-47-सीए-4061 नागेश पिता कांता प्रसाद पाटिल पोखरनी तहसील टिमरनी के नाम पर दर्ज है।

मजदूर को लेकर दौड़े ग्रामीण फिर भी नहीं बची जान
सोहागपुर गांव में शादी से खाना खाकर मजदूर गजराज ओसले खेत में पानी देने साइकिल से जा रहा था। कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। इस दौरान कार चालक ने उसे करीब 100 मीटर घिसटते हुए सड़क किनारे पानी में फेंक दिया। मजदूर के सिर में गंभीर चोट आई थी। ग्रामीण उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वे जान नहीं बचा पाए। उसकी अस्पताल में मौत हो गई।

कोई टिप्पणी नहीं