Breaking News

18 सालों में मध्य प्रदेश ने गढ़ी विकास की नई गाथा, युवा बन रहे आत्मनिर्भर : तेजस्वी सूर्या

18 सालों में मध्य प्रदेश ने गढ़ी विकास की नई गाथा, युवा बन रहे आत्मनिर्भर : तेजस्वी सूर्या

अभियानों के माध्यम से युवाओं तक पहुंचाएगा सरकार की जनहितैषी योजनाएं : विजय जेवल्या


लोकमतचक्र डॉट कॉम। 

भोपाल / हरदा। मध्यप्रदेश का भारतीय जनता युवा मोर्चा लगातार संगठनात्मक कार्यों के साथ सामाजिक कार्यों में अपनी सहभागिता कर रहा है। युवा मोर्चा केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहता बल्कि सामाजिक, पर्यावरण जैसे अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के लिए भी तत्पर रहता है। रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, हरा-भरा मध्यप्रदेश अभियान, खेलेगा मध्यप्रदेश, खिलते कमल सहित अन्य अभियानों के माध्यम से मोर्चा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रत्येक बूथों एवं पंचायतों में युवाओं की समिति गठित करने के साथ संगठन को और गति देने के लिए युवा मोर्चा कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। मोर्चा आगामी समय में विभिन्न आयोजनों, कार्यक्रमों, अभियानों के जरिए सरकार की जनहितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएगा। इसके लिए दो महीने तक विशेष अभियान चलेगा। इसमें हर कार्यकर्ता की सहभागिता होना चाहिए। यह बात भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक में कही।

प्रदेशभर में चलेगा सदस्यता अभियान, निलकेगी बाइक रैली

युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का संगठन आदर्श संगठन है। मध्य प्रदेश के संगठन ने देश में अतुलनीय काम किया है, जिसकी चर्चा देशभर में होती है। मध्य प्रदेश युवाओं का प्रदेश है और प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अतुलनीय कार्य किया है। युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के साथ ही मुख्यमंत्री सीखो, कमाओ जैसी महती योजनाओं के सहारे आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भागीरथी प्रयास किए हैं। मध्य प्रदेश में तीन महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इसके निमित्त युवा मोर्चा युवाओं को जोड़ने के लिए अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि 10 से 30 अगस्त तक प्रदेशभर में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। सदस्यता अभियान के माध्यम से युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जाएगा। इसके लिए कॉलेज, विश्वविद्यालय, सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थालों आदि क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। पूरे प्रदेश में तिरंगा बाइक यात्रा 13 से 15 अगस्त के बीच निकाली जाएगी और हर मंडल में राष्ट्रवादी चिंतन होगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में डोर-टू-डोर गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के बीच रिपोर्ट कार्ड एवं तिरंगा झंडा वितरण किए जाएंगे और उन्हें तिरंगा यात्रा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही पंचायत स्तर पर पदयात्रा के माध्यम से युवाओं तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाया जाएगा। 


श्री सूर्या ने कहा कि सितंबर महीने में राज्य स्तर पर युवा एचीवर्स सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसके अंतर्गत मध्यप्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी प्रदेश भर में 500 युवा अचीवर्स एवं राज्य के प्रभावशाली युवाओं को भोपाल में सम्मानित करेंगे और उनकी आकांक्षाएं संग्रहित की जाएंगी। साथ ही जिला स्तर पर भी यह आयोजन होंगे, जिसके अंतर्गत जिला स्तर के वरिष्ठ पार्टी नेताओं द्वारा सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक संभाग में एक युवा टाउन हॉल और प्रदेशभर में 10 युवा टाउन हॉल का आयोजन भी होगा, जिसमें केंद्रीय युवा प्रभावशाली नेता युवाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में अवगत कराएंगे और उन्हें आकांक्षा संग्रह अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे। युवाओं के सुझावों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। युवाओं के सुझावों को मेनिफेस्टो में शामिल किया जाएगा। मेरी माटी, मेरा देश अभियान 9 अगस्त से शुरू होगा। 

विकास कार्यों के बल पर मध्य प्रदेश बीमारू राज्य से बना विकसित प्रदेश

श्री सूर्या ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर विकसित राज्य में शामिल किया है। आज मध्यप्रदेश सभी क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के साथ आत्मनिर्भर प्रदेश के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस देश के अंदर युवाओं को, नौजवानों को अवसर देने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने एवं प्रदेश के अंदर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी ने किया है। नए भारत में मध्यप्रदेश भी एक युवा प्रदेश है और युवा नीति लाने का महत्वपूर्ण कदम भी भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी के नेतृत्व में पूरा किया है। मध्यप्रदेश निरंतर विकास की गाथाएँ लिख रहा है। प्रदेश में औद्योगिक क्रांति लाई गई। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में औद्योगिक विकास दर 2003 में 0.61 प्रतिशत थी जो बढ़कर 2023 में 24 प्रतिशत हो गई है। आज मध्यप्रदेश के युवाओं को 2003 से पहले के मध्यप्रदेश और 2003 के बाद आज के मध्यप्रदेश से अवगत होना चाहिए। इसके लिए युवा मोर्चा पूरे प्रदेश में अभियान चलाएगा।

शिक्षा का हब बना मध्य प्रदेश, युवाओं को मिल रही बेहतर शिक्षा

मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सूर्या ने कहा कि एक समय था जब युवा अध्ययन के लिए बैंगलोर, हैदराबाद जैसे शहरों की ओर रूख करते थे लेकिन आज युवाओं को मध्य प्रदेश में भी उच्च स्तर की शिक्षा मिल रही है। केन्द्र की प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की डबल इंजन की सरकार के सकारात्मक सोच का प्रतिफल है कि आज मध्य प्रदेश में आईआईटी, एम्स, आईआईएम, ट्रिपल आई.टी., एनआईडी, निफट, नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान और 24 आई.टी.आई प्रारम्भ किए गए। बीते 3 वर्षों में स्कूल शिक्षकों की 40 हजार से अधिक नई भर्तियां की गई। विगत वर्ष में 55 हजार से अधिक सरकारी पदों पर भर्ती कर युवाओं को नियुक्ति दे दी गई है। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के अंतर्गत अब तक 4.26 लाख विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु लगभग 1200 करोड़ रूपए की शुल्क प्रतिपूर्ति की गई है। मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना से युवाओं को कौशल और प्रशिक्षण के साथ-साथ 8 से 10 हज़ार रूपये देने वाला पहला राज्य मध्यप्रदेश है। मध्य प्रदेश की सरकार ने यूथ महापंचायत का आयोजन कर युवा नीति- 2023 लागू की, जिसमें युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने भी युवाओं के सुझाव लेने में अपनी भूमिका निभाई। भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक में हरदा से भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विजय जेवल्या, राहुल पूनिया, संदीप बाबल, रोहित सोनकर, शुभम् राठौर शामिल हुए।

कोई टिप्पणी नहीं