पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा एवं एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलया के निर्देशन में थाना टिमरनी पुलिस की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
दिनांक 27 जुलाई 2026 को ग्राम डगांवानीमा निवासी किसान रूपसिंह पिता किशनलाल जाट, उम्र 58 वर्ष, ने थाना टिमरनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 26 जुलाई की रात करीब 11 बजे वह अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गया था। उसका बेटा और बहू ऊपर वाले कमरे में सोने चले गए थे।
सुबह करीब 5 बजे बेटा किरण ने उन्हें जगाकर घर में चोरी होने की जानकारी दी। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो दोनों गोदरेज की अलमारियां खुली हुई थीं। कमरे में रखी टिन की पेटी गायब थी, जबकि एक छोटी संदूक का ताला टूटा हुआ था। अलमारी में रखी नकदी तथा टिन की पेटी में रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी एवं इस्तेमाली जेवरात भी गायब थे।
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर थाना टिमरनी में अपराध क्रमांक 428/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना टिमरनी की विशेष टीम गठित की गई। एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलया के निकट पर्यवेक्षण में पांच अलग-अलग टीमों का गठन कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की गई। साथ ही साइबर सेल हरदा की तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्धों के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीमों को रवाना कर संदिग्धों की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे संदिग्धों को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, सघन एवं तकनीकी पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित उर्फ परदेशी पिता शेरसिंह राठौर, उम्र 19 वर्ष, निवासी जामुनिया थाना सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम; कंचन पति शेरसिंह राठौड़, उम्र 40 वर्ष, निवासी जामुनिया थाना सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम; तथा शेरसिंह पिता अदरक चंद राठौड़, उम्र 48 वर्ष, निवासी जामुनिया थाना सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शेरसिंह ने चोरी का माल सुनार को बेचने की बात कबूल की। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले नरेंद्र पिता दामोदर सोनी, उम्र 41 वर्ष, निवासी अभिषेक नगर, जिला नर्मदापुरम को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के जेवरात बरामद किए गए। मामले में धारा 317(2) बीएनएस का इजाफा किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की विधिवत गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है। वहीं, अभिरक्षा से फरार आरोपी मोनू पिता एवलाल सोलंकी, उम्र 19 वर्ष, निवासी धावड़ा घाट, थाना शिवपुर, जिला नर्मदापुरम की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी से चोरी का कुछ और मशरूका बरामद किया जाना शेष है।
पूरी कार्रवाई में एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलया, निरीक्षक मुकेश गौड़, निरीक्षक आरपी कवरेती, उपनिरीक्षक मनोज दुबे, प्रकाश सोलंकी, संतोष श्रीवास्तव, प्रियंका पाठक, उदयराम सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र श्रीवास्तव, अभय मवासे सहित प्रधान आरक्षक तुषार धनगर, योगेश पटेल, अनुप, राहुल तथा आरक्षक सजन ठाकुर, शैलेन्द्र परमार, अभिलेश, शैलेन्द्र राजपूत, विकास, अर्जुन, राकेश पटेल, मुकेश, कादर खान, महिला आरक्षक ललिता एवं सैनिक मौनिका की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की वारदात का खुलासा होने के साथ ही चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।