बैठक में गौशालाओं के सुचारू संचालन, वर्षाकाल में निराश्रित गौवंश के रख-रखाव तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी क्षमता के अनुसार अधिक से अधिक निराश्रित गौवंश को गौशालाओं में आश्रय दें और उनके समुचित प्रबंधन एवं देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
अधिकारियों ने गौशालाओं को प्रतिमाह प्राप्त होने वाली अनुदान राशि का उपयोगिता प्रमाण-पत्र एवं ऑडिट रिपोर्ट अनिवार्य रूप से कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों को गौशाला अनुदान के लिए पृथक बैंक खाता खुलवाने का सुझाव भी दिया गया। शासन के नियमानुसार सभी अभिलेख एवं रजिस्टर अद्यतन रखने तथा गौवंश की टैगिंग संबंधी जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मेडिसिन, आहार, अनुदान, विजिट, कैशबुक और लेजर सहित आवश्यक पंजियों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने को कहा गया। सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गौवंश को गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि गौवंश के कान में लगे टैग के माध्यम से सड़कों पर छोड़े गए निराश्रित अथवा लावारिस पशुओं के मूल पशुपालक की पहचान की जाएगी तथा संबंधित पशुपालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी से होगी निगरानी
ई-गौशाला योजना के तहत गौशालाओं में सतत निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मृत मवेशियों का वैज्ञानिक एवं नियमानुसार समुचित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए भी कड़े निर्देश जारी किए गए।
बैठक में बायो रिसोर्स सेंटर के लिए प्राप्त अनुदान का पूर्ण उपयोग करते हुए उसका उपयोगिता प्रमाण-पत्र शीघ्र कार्यालय में प्रस्तुत करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।