कांवड़ यात्रा की शुरुआत हंडिया स्थित प्राचीन रिद्धनाथ घाट से हुई। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में स्नान कर रिद्धनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और नर्मदा जल कांवड़ में लेकर भगवान गुप्तेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने भी कांवड़ियों के साथ यात्रा में शामिल हुए।
जगह-जगह हुआ कांवड़ यात्रियों का स्वागतयात्रा के दौरान हाईवे किनारे स्थित गांवों और विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। कई जगह सेवा स्टॉल लगाए गए, जहां कांवड़ियों के लिए स्वल्पाहार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। पुष्पवर्षा के साथ हुए स्वागत से यात्रा का उत्साह और बढ़ गया।
भजनों और जयकारों से गूंजा हरदा शहर
शाम करीब 3 बजे कांवड़ यात्रा हरदा शहर पहुंची। शहर के विभिन्न चौराहों और मार्गों पर लोगों ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की। डीजे पर भगवान शिव के भजनों के बीच कांवड़िए नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। इस दौरान पूरे शहर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
गुप्तेश्वर मंदिर में किया जलाभिषेक
शाम को कांवड़ यात्रा गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने हंडिया से लाए गए नर्मदा जल से भगवान गुप्तेश्वर महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। इस अवसर पर देश और प्रदेश सहित क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की गई।
आठ वर्षों से निकाली जा रही कांवड़ यात्रा
विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने बताया कि वे पिछले आठ वर्षों से आमजन के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करना है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया और भगवान गुप्तेश्वर महादेव का नर्मदा जल से अभिषेक किया।