टिमरनी। सीनियर उत्कृष्ट कन्या छात्रावास टिमरनी की छात्राओं ने बुधवार को हॉस्टल की व्यवस्थाओं और वार्डन के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई। बड़ी संख्या में छात्राएं टिमरनी स्थित बीईओ कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं। छात्राओं ने हॉस्टल की व्यवस्थाओं में सुधार कराने की मांग की है।
छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल में करीब 50 छात्राएं दर्ज हैं, लेकिन वर्तमान में लगभग 25 छात्राएं ही रह रही हैं। उनका कहना है कि वार्डन हॉस्टल में नियमित रूप से नहीं रहतीं। छात्राओं ने कहा कि उन्हें ऐसी शिक्षिका की आवश्यकता है, जो हॉस्टल में उनके साथ रहकर उनकी समस्याएं सुने और व्यवस्थाएं संभाले।
छात्राओं ने भोजन व्यवस्था को लेकर भी शिकायत की। उनका कहना है कि मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा और नाश्ता भी नियमित नहीं मिलता। हॉस्टल में वॉशिंग मशीन उपलब्ध होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं करने दिया जाता। छात्राओं ने मानसिक रूप से परेशान किए जाने का आरोप भी लगाया।
छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि उनके अभिभावकों से पंखे सहित अन्य सामान के लिए डोनेशन लिया जा रहा है। उनका कहना है कि जब कोई अधिकारी निरीक्षण के लिए आता है तो उससे पहले हॉस्टल में पूरी साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जाती हैं।
इन छात्राओं ने रखी शिकायत: मुस्कान उईके, चांदनी उईके, मायावती कुमरे, सुशीला धुर्वे, सरस्वती चौहान, अस्मिता धुर्वे, प्रीति बाड़ीवा और दुर्गा धुर्वे सहित अन्य छात्राओं ने मामले में कलेक्टर से जांच कर छात्रावास की व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की है।