हरदा। डबल फाटक से बिरजाखेड़ी तक प्रस्तावित 4.5 किलोमीटर बायपास रिंग रोड का निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 3 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन शेष 1.5 किलोमीटर मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लंबित रहने से पूरा प्रोजेक्ट अधर में अटका हुआ है। इसका सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है और डबल फाटक क्षेत्र में आए दिन घंटों तक जाम की स्थिति बन रही है।
मार्ग निर्माण में हो रही देरी को लेकर विधायक प्रतिनिधि संजय कमलचन्द्र जैन ने जिला प्रशासन से जवाब मांगा है। उनका कहना है कि जब बायपास का अधिकांश हिस्सा तैयार हो चुका है, तो शेष हिस्से का काम जल्द पूरा किया जाना चाहिए, ताकि शहर में यातायात का दबाव कम हो और लोगों को राहत मिल सके।
इधर, प्रशासन द्वारा प्रभावित भूमि स्वामियों की मुआवजा सूची जारी कर दी गई है। सूची के अनुसार बदरून बी को 2.11 लाख रुपए, अख्तर खां को 3.20 लाख रुपए, फारूख खां परिवार को 8.29 लाख रुपए, मुंशी खां परिवार को 7.47 लाख रुपए, मुंशी खां पिता सलीम को 4.57 लाख रुपए, अकबर खां को 11.38 लाख रुपए तथा अफजल को 3.20 लाख रुपए मुआवजा दिया जाना है।
पीडब्ल्यूडी के रतनलाल कुम्भार के अनुसार धारा 21 की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित भूमि स्वामियों को मुआवजा राशि वितरित की जाएगी। इसके बाद शेष 1.5 किलोमीटर मार्ग का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की बात कही गई है।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। अधूरा बायपास होने के कारण वाहनों का दबाव डबल फाटक क्षेत्र में बढ़ गया है, जिससे पीक समय में जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से भूमि अधिग्रहण व मुआवजा प्रक्रिया में तेजी लाकर अधूरे मार्ग का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है।