हरदा(सार्थक जैन)। नवरात्रि के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था और सेवा भाव के साथ पूर्व भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनीता संतोष अग्रवाल द्वारा नगर में कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया। नगर स्थित दीनदयाल रसोई में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। इस दौरान कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया गया तथा नगर की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई।
नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि कन्याओं में देवी स्वरूप का वास होता है और उनकी सेवा एवं सम्मान से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी भावना के साथ अनीता अग्रवाल ने कन्याओं को भोज कराकर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में कन्याएं भोजन करती नजर आईं। कार्यक्रम में सेवा, श्रद्धा और भक्ति का भाव देखने को मिला।
इस आयोजन के माध्यम से नवरात्रि पर्व पर कन्या पूजन की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ ही समाज में धार्मिक संस्कारों, सेवा और बेटियों के सम्मान का संदेश भी दिया गया। कन्याओं को भोजन कराने और उनका आशीर्वाद लेने के साथ नगर की सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की गई।
15 वर्षों से किया जा रहा कन्या भोजन का आयोजन, 300 से अधिक कन्याओं ने ग्रहण कि प्रसादी
शारदीय नवरात्र में पूर्व भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं पार्षद अनीता अग्रवाल द्वारा पिछले 15 वर्षों से कन्या भोजन का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी शासकीय कन्या शाला के पास आयोजित कार्यक्रम में 300 से अधिक कन्याओं ने भोजन ग्रहण किया। साथ ही स्कूल के बच्चों को भी भोजन कराया गया। अनीता अग्रवाल ने बताया कि नवरात्र के पावन पर्व पर कन्या भोजन कराने की परंपरा के तहत वे प्रतिवर्ष यह आयोजन करवाती हैं। उनका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ कन्याओं को भोजन कराकर पुण्य लाभ प्राप्त करना है। पिछले 15 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम नवरात्र के दौरान उनकी वार्षिक परंपरा बन गया है।
