Breaking News

जांच के चलते IAS नही बन पाए अपर कलेक्टर दुबे, एक सप्ताह में होगा फैसला

जांच के चलते IAS नही बन पाए अपर कलेक्टर दुबे, एक सप्ताह में होगा फैसला

सात सीनियर हुए अनफिट, कौन है वो अधिकारी...? जानने के लिए पढ़े...

लोकमतचक्र.कॉम।

भोपाल : स्कूल शिक्षा विभाग की विभागीय जांच पूरी नहीं हो पाने के कारण विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में पात्र पाए जाने के बाद भी राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सुनील दुबे का आईएएस में प्रमोशन फिलहाल अटक गया है। डीओपीटी ने एक सप्ताह में इस मामले की जांच प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। जांच में क्लीनचिट मिलने पर दुबे को आईएएस बनाए जाने के आदेश जारी किए जाएंगे। वहीं राज्य प्रशासनिक सेवा में पात्रता के दायरे में आने वाले सात वरिष्ठ अधिकारी आईएएस के लिए अनफिट पाए गए हैं। इसके चलते वरिष्ठता सूची में उनसे जूनियर अफसरों को आईएएस बनने का मौका मिल गया है।

संघ लोक सेवा आयोग ने बीस दिसंबर को राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति के लिए भोपाल में विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में सात अफसर अनफिट पाए गए हैं। वहीं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सुनील दुबे स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े एक मामले में उलझे हुए हैं जिसकी जांच अब तक पूरी नहीं हो पाई है। विभागीय पदोन्नति समिति ने दुबे को प्रमोशन के लिए पात्र पाया है लेकिन उनकी विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें पदोन्नत किया जाएगा। डीओपीटी ने मध्यप्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक को निर्देशित किया है कि एक सप्ताह में इस मामले का निराकरण करें। अगले सप्ताह दुबे का पदोन्नति आदेश जारी होने की संभावना है।


● सात वरिष्ठ हुए अनफिट, कनिष्ठों को मिला प्रमोशन

राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति के लिए कुल 18 पद थे। इन पर राज्य प्रशासनिक सेवा के 54 अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया। विनय निगम और वरदमूर्ति मिश्रा को भी पदोन्नति के योग्य पाया गया और उन्हें पदोन्नत कर दिया गया। वहीं वरिष्ठता क्रम में शामिल पहले अठारह अधिकारियों में से सात अधिकारी अनफिट पाए ग, इसके चलते उन्हें आईएएस अवार्ड नहीं मिल पाया है। इन अधिकारियों में विवेक सिंह, पंकज शर्मा, त्रिभुवन नारायण सिंह, नारायण प्रसाद नामदेव, जयेन्द कुमार विजयवत, मनोज मालवीय और डॉ कैलाश बुंदेला शामिल हैं। इन्हें आईएएस अवार्ड नहीं हो पाया है। इसके चलते वरिष्ठता सूची में उनसे नीचे के अधिकारी उनसे पहले आईएएस बनने में सफल हो गए।

● ये सत्रह बने आईएएस

जो एसएएस आईएएस बने हैं उनमें सुधीर कोचर, रानी बाटड,  चंद्रशेखर शुक्ला, दिलीप कुमार कापसे, बुद्धेश वैद्य, वरदमूर्ति मिश्रा, विनय निगम, अभय अरविंद बेडेकर, अजय देव, नियाज अहमद, नीतू माथुर, अंजू पवन भदौरिया, जमना भिड़े, राखी सहाय, शीला दाहिमा,  संजय कुमार जैन, विदिशा मुखर्जी के नाम हैं।

कोई टिप्पणी नहीं