Breaking News

संयुक्त मोर्चा ने भरी हुंकार : शासन के समक्ष 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते की मांग

संयुक्त मोर्चा ने भरी हुंकार : शासन के समक्ष 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते की मांग


कर्मचारी संगठनों ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, 4 प्रतिशत डीए जारी करने पर आभार भी माना

लोकमतचक्र डॉट कॉम। 

हरदा। शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी प्रमुख मांगों को लेकर एक बार फिर आगे आए हैं। म.प्र अधिकारी- कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले विभिन्न शासकीय कर्मचारी संगठनो के सदस्य शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम संबोधित एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार नागू को दिया गया। इस मौके पर मोर्चा के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों की तरफ ध्यान दिलाते हुए शासन के समक्ष 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता की मांग दोहराई है। ज्ञापन देते समय प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में कर्मचारियों के हितार्थ 4 प्रतिशत डीए संबंधी आदेश जारी करने पर कृतज्ञता ज्ञापित की, वहीं आभार भी व्यक्त किया गया। 


लिपिक संघ के जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ला ने बताया कि विभिन्न विभागों में पदस्थ कर्मचारियों को जुलाई 2023 से महंगाई भत्ता देय था। उन्होंनें यह भी कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों से 8 प्रतिशत कम महंगाई भत्ता मिल रहा था। इस बीच प्रदेश सरकार ने 4 प्रतिशत डीए के आदेश जारी कर दिए हैं। जो कि कर्मचारी संगठनों की पहली जीत है। श्री शुक्ला ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश के राजगढ़ जिले की घटना का जिक्र कर कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों के साथ आए दिन मारपीट की घटनाओं से शासकीय सेवकों में असुरक्षा का भाव लाजमी है। इसी कड़ी में संयुक्त मोर्चा ने घटनाओं का विरोध कर आरोपियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की है। 

इस मौके पर राजस्व कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा, लिपिक संघ के प्रांतीय संचिव दिनेश बागरे, आरआई संघ के हेमंत गोस्वामी, लिपिक संघ के संभागीय उपाध्यक्ष एमएल सलकनपुरिया, राज्य शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रामनिवास जाट, समग्र जिलाध्यक्ष विनोद उपाध्याय, लघुवेतन संघ के सचिव रामशंकर उईके, एसएन कोषा, राजेश नागर, हिमांशु यादव, सुधा सिंह, कविता सावनेर, उषा ठाकरे, संजय जोशी, देवेंद्र ठाकुर, राजभोर कहार सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं