Breaking News

मध्यप्रदेश पटवारी संघ को मिला कर्मचारी संघ के लिए प्रतिष्ठित सत्यनारायण तिवारी सम्मान

मध्यप्रदेश पटवारी संघ को मिला कर्मचारी संघ के लिए प्रतिष्ठित सत्यनारायण तिवारी सम्मान

अपनी एकता, अखंडता ओर संघर्ष की जुझारू क्षमता के कारण

लोकमतचक्र.कॉम।

भोपाल : प्रदेश के कर्मचारियों के लिए सदैव से प्रेरणा स्त्रोत रहे मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने फिर से एक बार अपनी एकता अखंडता और संघर्ष की छाप छोड़ी है जिसके चलते मध्य प्रदेश पटवारी संघ को कर्मचारी संगठनों के लिए प्रतिष्ठित सम्मान सत्यनारायण तिवारी सम्मान 2022 से नवाजा गया है। यह सम्मान मध्य प्रदेश पटवारी संघ के लिए और उसके समस्त सदस्यों के लिए एक गौरवशाली सम्मान है जो उनके संघर्ष और एकता को रेखांकित करता है।


इस संबंध में चर्चा करते हुए मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र सिंह बाघेल ने कहा कि प्रदेश के सभी कर्मचारी संगठनों ने यह माना है कि मध्यप्रदेश पटवारी संघ प्रदेश का सबसे मजबूत और सबसे ज्यादा संघर्ष करने वाला प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ संगठन है, इसके लिए संघ के सभी साथीगण बधाई के पात्र हैं, यह प्रदेश के प्रत्येक पटवारी का सम्मान है मुखिया होने के नाते हमने इसे ग्रहण किया है। उन्होंने कहा कि यह एक संयोग है जिस समय हमें यह सम्मान मिला है, उस समय भी हम संघर्ष की स्थिति में हैं, जियो टैग गिरदावरी से निजात पाने के लिए प्रत्येक पटवारी मजबूती के साथ खड़े रह कर संघर्ष कर रहे है।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पटवारी संघ जो ठाकुर प्रहलादसिंह के समय अस्तित्व में आया था अपने संवर्ग के लिए आजतक जुझारू तरिके से आंदोलन के लिए प्रदेश के कर्मचारी संगठनों में पहचाना जाता है। पटवारी संघ ने अपने हक ओर अधिकार के लिए प्रांत स्तर की मांगों के साथ ही स्थानीय स्तर की समस्याओं को पुरजोर तरीके से रखने वाला शासन में माना जाता है। पटवारी संघ की इसी जुझारू ओर संघर्षशील छवि के कारण ही अधिकारी भी आमतौर पर पटवारी संघ से भय खाते है।

● क्या लिखा है सम्मान पत्र में...

सत्यनारायण तिवारी सम्मान

प्रदेश के स्थापित कर्मचारी नेता सत्यनारायण तिवारी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिये गठित "सत्यनारायण तिवारी स्मृति सम्मान समारोह समिति तथा प्रदेश के प्रतिनिधि कर्मचारी संगठनों ने मध्यप्रदेश के कर्मचारी आंदोलनों में आपके संगठन के संघर्ष एवं पदाधिकारियों के त्याग को रेखांकित करते हुये "सत्यनारायण तिवारी सम्मान 2022" अलंकरण से विभूषित करने का निर्णय लिया, इससे हम अभिभूत हैं।

आपके संगठन ने वर्षभर कर्मचारियों के लिए संघर्ष किया और अपने संघर्ष के माध्यम से संघ के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों को लाभान्वित करवाया। आपके संगठन से दूसरे संगठनों को प्रेरणा भी मिलती है।

यह एक संयोग ही है कि जिन महानुभावों की उपस्थिति में यह सम्मान पत्र भेंट किया जा रहा है ये सब भी कर्मचारी आंदोलनों एवं सामाजिक सरोकारों" से जुड़े रहे हैं।

आपके संगठन म.प्र. पटवारी संघ

को मध्यप्रदेश के राज्य कर्मचारियों के वर्ग में वर्ष के सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी संघ के रूप में सम्मानित किया जा रहा है ।

भवदीय : चन्द्रशेखर परसाई, संयोजक सत्यनारायण तिवारी स्मृति सम्मान समारोह आयोजन समिति एवं प्रदेश के समस्त प्रतिनिधि श्रमिक एवं कर्मचारी संगठन

कोई टिप्पणी नहीं