समाज के उदित जैन के अनुसार चार माह तक चलने वाले इस आध्यात्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को धर्म, साधना, स्वाध्याय और प्रवचनों की ज्ञानगंगा का लाभ मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को तारण पंथ के आध्यात्मिक मार्ग से जोड़ना और आत्मकल्याण की भावना को सुदृढ़ करना है।
*वीर शासन जयंती पर होंगे विविध धार्मिक आयोजन*
चातुर्मास का शुभारंभ वीर शासन जयंती के पावन अवसर पर होगा। कार्यक्रम के तहत प्रातः 5 बजे से सामायिक, 7:15 बजे सिद्धि मंत्र जाप, 8 बजे श्री जिनवाणी जी की भव्य शोभायात्रा तथा 8:30 बजे ध्वजारोहण, मंदिर विधि, चातुर्मास कलश स्थापना, आरती, चंदन एवं प्रसाद वितरण होगा। दोपहर 12 बजे पात्र भावना का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर श्री जिनवाणी जी एवं कलश की स्थापना, श्री तारण तरण अध्यात्मवाणी जी का महोत्सव तथा बाल ब्रह्मचारी वैराग्यानंद महाराज जी द्वारा चातुर्मास प्रतिज्ञा संकल्प भी संपन्न होगा।
समाज के अध्यक्ष दीपक जैन ने जिले एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई है।
तारण तरण दिगंबर जैन समाज, टिमरनी ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इस चार माह के आध्यात्मिक पर्व में सहभागी बनकर प्रवचन, साधना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का लाभ लेने का आग्रह किया है।