जानकारी के अनुसार, व्यापारी रोहित कुमार जैन ने अपनी जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी ने इस कार्य को पूरा करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। लगातार मांग और देरी से परेशान होकर व्यापारी ने मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की।
शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के तहत जब शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर आरोपी के पास पहुंचा, तभी टीम ने रतन कॉलोनी स्थित उसके निवास के बाहर 80 हजार रुपये लेते हुए उसे धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान रासायनिक परीक्षण में आरोपी के हाथों का रंग बदलने से रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
लोकायुक्त निरीक्षक जीतेंद्र यादव ने बताया कि शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, शिकायतकर्ता रोहित कुमार जैन ने बताया कि जमीन सीमांकन के कार्य के लिए उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगवाए जा रहे थे और रिश्वत की मांग की जा रही थी। इसके बाद उन्होंने लोकायुक्त से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।