मुख्यमंत्री ने की घोषणा
6 सितंबर को 19 लाख किसानों के खातों में फसल बीमा का ₹4500 करोड़ रुपए ट्रांसफर किया जाएगा
खांतेगांव - आज किसानों के बीच पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि 6 सितंबर को 19 लाख किसानों के खातों में फसल बीमा का ₹4500 करोड़ रुपए ट्रांसफर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की कोशिश है कि सबका फसल बीमा हो जाए।
फसल बीमा और राहत मिलाकर मैं किसानों के नुकसान की भरपाई करूँगा।
यह संकट का समय है लेकिन मैं किसानों को अकेला नहीं छोड़ सकता।
आप सभी धैर्य रखें हम मिलकर इन परेशानियों से निपटेंगे।
कोरोना को भी मात देंगे और किसानों को भी संकट से पार निकालकर हम ले जायेंगे।
मंच नहीं था तो बेंच पर चढ़कर मुख्यमंत्री ने किया किसानों को संबोधित।
दरअसल इंदौर जाने से पहले सीएम शिवराज खातेगांव में सोयाबीन की पीले मोजेक से खराब हुई फसल देखने पहुंचे थे। यहीं पर कृषि उपज मंडी में किसानों से चर्चा का कार्यक्रम था। सीएम जब वहां पहुंचे तो खातेगांव की किसान मंडी में सीएम शिवराज के आगमन के मद्देनजर मंचीय व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में जब सीएम ने किसानों को संबोधित करना शुरू किया तो कुछ किसानों ने उनसे वहीं रखी बेंच में खड़े होकर संबोधित करने का अनुरोध किया ताकि किसान संबोधन के समय उन्हें देख सकें। इसके बाद उन्होंने बेंच पर खड़े होकर किसानों के लिए घोषणा की।