Breaking News

उपचुनाव विशलेषण : रैगांव में कांग्रेस हुई विजयी, जोबट, पृथ्वीपुर में BJP की जीत का परचम, खण्डवा में रहा कब्जा कायम...

MP उपचुनाव विशलेषण : रैगांव में कांग्रेस हुई विजयी, जोबट, पृथ्वीपुर में BJP की जीत का परचम, खण्डवा में रहा कब्जा कायम...

लोकमतचक्र.कॉम।

भोपाल : प्रदेश में हुए एक लोकसभा और 3 विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को फिर पटकनी दी है। हालांकि भाजपा अपनी 31 साल से कब्जे वाली रैगांव विधानसभा सीट पार्टी के स्थानीय नेताओं की जनता विरोधी कार्यशैली के बदौलत गवां चुकी है लेकिन इसके बदले जोबट और पृथ्वीपुर की उन विधानसभा सीटों पर कब्जा किया जहां भाजपा को जीत की उम्मीद नहीं थी। खंडवा लोकसभा सीट भाजपा ने अपने कब्जे में ही रखी है।

भाजपा ने अपनी परंपरागत सीट रैगांव गंवा कर कांग्रेस की जोबट और पृथ्वीपुर सीट छीन ली है। खंडवा लोकसभा सीट को भी भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल 81 हजार से अधिक वोटों से जीत लिया है। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह पुरनी ने पहले ही हार मान ली थी। वे मतगणना स्थल छोड़कर चले गए थे। भाजपा की जीत के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा- जीत मध्यप्रदेश के काम की है। परिणाम बहुत अच्छे आए। जैसा सोचा था, उससे बेहतर रिजल्ट आए हैं।

खंडवा लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी को 6.22 लाख वोट मिले

खंडवा लोकसभा सीट भाजपा ने 82140 वोटों से जीत लिया है। भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल 6 लाख 32 हजार 455 मत मिले हैं। कांग्रेस को 550315 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह पुरनी ने काउंटिंग के आखिरी दौर में ही हार मान ली। भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की जीत है। पृथ्वीपुर में भाजपा ने सातवां राउंड फिर जीत लिया है। खंडवा में कांग्रेस ने काउंटिंग के आंकड़े गलत प्रदर्शित करने पर जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई है। खंडवा में मतगणना के आंकड़ों में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह पुरनी एडीएम पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि यह काम करने का क्या तरीका है? क्या यही व्यवस्था है ?

रैगांव में 31 साल बाद कांग्रेस की कल्पना वर्मा ने जीत दर्ज कराई है। उन्होंने 12290 वोटों से भाजपा की प्रतिमा बागरी को हराया है। कांग्रेस की कल्पना वर्मा को 72989 वोट मिले जबकि भाजपा की प्रतिमा बागरी को 60699 मत मिले। रैगांव में 14 वें राउंड के नतीजे आने के बाद रैगांव से बीजेपी प्रत्याशी प्रतिमा बागरी का चेहरा उतर गया था। उन्होंने परिणाम घोषित होने से पहले हार मान ली और हाथ जोड़ते हुए मतगणना स्थल छोड़ दिया।

पृथ्वीपुर में भी भाजपा ने 15 हजार 687 वोट से जीत दर्ज की है। यूपी से आए भाजपा प्रत्याशी शिशुपाल यादव को 82 हजार 673 वोट मिले। पूर्व मंत्री ब्रजेंद्र सिंह राठौर के बेटे और कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्र सिंह को 66 हजार 986 वोट मिले। नोटा 1741 लोगों ने दबाया। रिजल्ट से पहले कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्र सिंह राठौर ने हार मान ली।

जोबट में भाजपा प्रत्याशी सुलोचना रावत ने कांग्रेस प्रत्याशी महेश पटेल को 6104 वोटों से हराया है। विधानसभा उपचुनाव के ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर आई सुलोचना चौथी बार विधायक बनी हैं। वे अब तक 5 बार विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। भाजपा की सुलोचना को 68949 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के महेश शर्मा को 62845 वोट मिले। इसके बाद सबसे ज्यादा 5 हजार 603 लोगों ने नोटा का बटन दबाया है।

कोई टिप्पणी नहीं