Hot Posts

6/recent/ticker-posts

जनसुनवाई में अधिकारियों ने सुनी समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

हरदा। जिला पंचायत हरदा के सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन ने स्वयं उपस्थित रहकर आवेदनों की सुनवाई की। इस दौरान अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल, टिमरनी एसडीएम संजीव नागू सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। सोनल एग्रो वेयरहाउस मसनगांव के संचालक ने किराया भुगतान न होने की समस्या उठाई, जिस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को जांच कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसी तरह हर्षिता लक्ष्मीनारायण ने छात्रवृत्ति पोर्टल पर कम राशि प्रदर्शित होने की शिकायत की, जिस पर पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। ग्राम भायली निवासी नंदकिशोर बृजलाल ने पीएम किसान निधि एवं सीएम किसान निधि की राशि न मिलने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर तहसीलदार रहटगांव को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आशाबाई घाटे ने नसबंदी ऑपरेशन फेल होने के बाद मुआवजा न मिलने की शिकायत की, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं अबगांव खुर्द निवासी मेदाबाई अंकले ने खेत तक जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार हरदा को जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सिराली निवासी अंजली मालवीय ने बीपीएल राशन कार्ड के लंबित आवेदन के निराकरण की मांग की, जिस पर एसडीएम खिरकिया को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।कार्यक्रम में अधिकारियों ने सभी आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About