Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हरदा में वाहन फिटनेस सुविधा बंद होने से वाहन स्वामियों की बढ़ी परेशानी

कैट ने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री को भेजा ज्ञापन, सुविधा बहाल करने की मांग

हरदा । हरदा जिले में पिछले लगभग पांच माह से जिला परिवहन कार्यालय द्वारा वाहनों की फिटनेस जांच एवं प्रमाण-पत्र जारी करने की सुविधा बंद होने से वाहन स्वामियों और परिवहन व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स कैट के जिलाध्यक्ष सरगम जैन ने मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री को ज्ञापन भेजकर हरदा में पूर्ववत फिटनेस सुविधा पुनः प्रारंभ करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार हरदा एवं जिले की विभिन्न तहसीलों में गुड्स वाहन, यात्री बसें, स्कूल बसें, ऑटो रिक्शा सहित लगभग 2500 से अधिक व्यावसायिक वाहन संचालित हैं। नियमानुसार इन सभी वाहनों का समय-समय पर जिला परिवहन कार्यालय से फिटनेस परीक्षण कराया जाना आवश्यक होता है। किंतु अज्ञात कारणों से हरदा जिला परिवहन कार्यालय में यह सुविधा पिछले पांच महीनों से बंद है।

इसके चलते वाहन स्वामियों को अपने वाहनों की फिटनेस कराने के लिए होशंगाबाद, बैतूल, खंडवा एवं बुरहानपुर जैसे अन्य जिला परिवहन कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ये सभी जिले हरदा से लगभग 100 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी पर स्थित हैं। वाहन संचालकों का कहना है कि इससे समय, श्रम और ईंधन की अनावश्यक बर्बादी हो रही है तथा आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।

कैट पदाधिकारियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकारें विशेष अभियान चला रही हैं। ऐसे में हरदा जिले के वाहन स्वामियों को दूर-दराज के जिलों में फिटनेस कराने भेजना ऊर्जा बचत की भावना के विपरीत प्रतीत होता है।

संगठन ने मांग की है कि आम नागरिकों, परिवहन व्यवसायियों और वाहन संचालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरदा जिला परिवहन कार्यालय में वाहन फिटनेस परीक्षण एवं प्रमाण-पत्र जारी करने की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से पुनः शुरू की जाए।

कैट ने आशा व्यक्त की है कि शासन इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लेकर जिले के हजारों वाहन स्वामियों को राहत प्रदान करेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About