Hot Posts

6/recent/ticker-posts

“सूरज की रोशनी से घटेगा बिजली का खर्च: मार्च 2027 तक सोलर लगवाने पर मिलेगी सब्सिडी”

‘सोलर चाचा’ व्हाट्सऐप चैटबॉट देगा पूरी जानकारी, मध्यप्रदेश में 2 लाख से अधिक उपभोक्ता जुड़ चुके हैं योजना से

हरदा। बिजली के बढ़ते खर्च से राहत पाने का सुनहरा अवसर अब घर-घर पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उपभोक्ता अपनी छत पर सोलर सिस्टम लगवाकर बिजली बिल में बड़ी बचत कर सकते हैं। खास बात यह है कि योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सब्सिडी का लाभ मार्च 2027 तक ही उपलब्ध रहेगा।

मध्यप्रदेश में इस योजना को लेकर लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। अब तक प्रदेश के 2 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता योजना में नामांकन करा चुके हैं और सौर ऊर्जा की ओर कदम बढ़ा चुके हैं।

योजना की जानकारी को आमजन तक सरल तरीके से पहुंचाने के लिए मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड ने व्हाट्सऐप चैटबॉट ‘सोलर चाचा’ शुरू किया है। यह डिजिटल सहायक योजना से जुड़ी सभी प्रमाणिक जानकारियां, आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी और सोलर सिस्टम स्थापना संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहा है।

इच्छुक उपभोक्ता क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं अथवा 8815107640 नंबर पर “हेलो” भेजकर ‘सोलर चाचा’ से जुड़ सकते हैं और अपने घर के लिए सोलर सफर की शुरुआत कर सकते हैं।

ऊर्जा विभाग का कहना है कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली बिल कम करने का माध्यम है, बल्कि स्वच्छ और हरित भविष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About