भूमि सीमांकन रिपोर्ट देने के नाम पर मांग रहा था रिश्वत, उज्जैन लोकायुक्त टीम ने बड़ौद में बिछाया जाल
आगर मालवा। जिले के बड़ौद तहसील में गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने एक पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटवारी राजकुमार चौहान के रूप में हुई है, जो हल्का नंबर 08, ग्राम झालारा, तहसील बड़ौद में पदस्थ है। बताया जा रहा है कि उसने एक किसान से भूमि सीमांकन कार्य और रिपोर्ट देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम झालारा निवासी किसान श्रीपाल सिंह परिहार ने लोकायुक्त उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पटवारी ने भूमि सीमांकन के लिए पहले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। किसान से 15 हजार रुपये लेने के बाद भी उसने सीमांकन रिपोर्ट देने के लिए अतिरिक्त 5 हजार रुपये की मांग कर डाली।
शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही पटवारी ने किसान से 5 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई ने भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच खलबली मचा दी है। आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ