जानकारी के अनुसार, धनपाडा निवासी गणेश पिता दुर्गा प्रसाद गोंड (10 वर्ष) रविवार सुबह घर के पास स्थित खेत की ओर गया था। इसी दौरान खेत में बिजली की लाइन टूटकर जमीन पर पड़ी हुई थी। मासूम अनजाने में लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसे तेज करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन तत्काल उसे रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. सौरभ वर्मन ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की सूचना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए टिमरनी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।
घटना की सूचना मिलते ही टिमरनी जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा (लिबर्टी) भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों से चर्चा की गई है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी तथा शासन के नियमानुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में खेत में टूटी पड़ी बिजली लाइन हादसे का कारण सामने आई है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली लाइन की समय पर मरम्मत कर दी जाती या क्षेत्र की नियमित निगरानी होती, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग से क्षेत्र की जर्जर लाइनों की तत्काल जांच और सुधार की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ