औषधालय के माध्यम से क्षेत्र के श्रद्धालुओं, ग्रामीणों एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और औषधि सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। ट्रस्ट का उद्देश्य धार्मिक सेवा के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाकर सेवा और संवेदना की परंपरा को आगे बढ़ाना है।
औषधालय का संचालन डॉ. पारस जैन (आयुर्वेद विशेषज्ञ) एवं डॉ. विवेक उपाध्याय (चिकित्सा अधिकारी) द्वारा किया जाएगा। नियमित रूप से सोमवार से शनिवार प्रातः 7:30 से 8:30 बजे, रविवार प्रातः 9 से 11 बजे तथा प्रतिदिन सायंकाल 6 से 7 बजे तक मरीजों को परामर्श एवं आवश्यक औषधियां निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
ट्रस्ट समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होकर इस जनसेवा अभियान के शुभारंभ के साक्षी बनने की अपील की है। ट्रस्ट का मानना है कि स्वास्थ्य सेवा ही सर्वोत्तम मानव सेवा है और यह औषधालय समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए समर्पित रहेगा।
श्री दिगम्बर जैन रेवातट सिद्धोदय सिद्धक्षेत्र ट्रस्ट कमेटी, नेमावर के महामंत्री सुरेन्द्र जैन ने बताया कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की सेवा, करुणा और लोककल्याण की प्रेरणा से प्रारंभ हो रहा यह निःशुल्क औषधालय जरूरतमंदों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र साबित होगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर इस जनहितकारी पहल को सफल बनाने का आग्रह किया।