Hot Posts

6/recent/ticker-posts

फ्लाईओवर निर्माण बना मुसीबत, जलभराव की शिकायतों पर वार्ड-3 पहुंचे एसडीएम टिमरनी

ब्रिज निर्माण कार्य और क्षतिग्रस्त मार्ग का किया एसडीएम ने निरीक्षण, जल निकासी व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

टिमरनी। नगर में फ्लाईओवर निर्माण के चलते उत्पन्न जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या के बीच एसडीएम टिमरनी ने वार्ड क्रमांक-3 का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन ब्रिज, क्षतिग्रस्त मार्ग और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि मानसून की पहली तेज बारिश ने फ्लाईओवर निर्माण कार्य की तैयारियों की पोल खोल दी। निर्माण कार्य के कारण कई स्थानों पर जल निकासी बाधित हो गई, जिससे मुख्य मार्गों और रिहायशी इलाकों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों और रहवासियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी ने सड़क और नालियों की खुदाई तो कर दी, लेकिन बारिश से पहले वैकल्पिक जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई।

जलभराव के कारण कई सड़कों पर आवागमन प्रभावित रहा। पानी में गड्ढे और निर्माण सामग्री दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहा, वहीं कई दोपहिया और चारपहिया वाहन रास्ते में बंद हो गए। प्रभावित नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग की।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों से शीघ्र पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कर आवागमन सुचारु बनाया जाए तथा फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और गति की भी समीक्षा की तथा आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन के निरीक्षण के बाद जलभराव और सड़क संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा, जिससे लोगों को राहत मिल सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About