टिमरनी। नगर परिषद टिमरनी द्वारा टिमरन नदी के तट पर विकसित किया गया आधुनिक एवं आकर्षक घाट नगरवासियों के लिए नया पर्यटन और सुकून का केंद्र बन गया है। सुंदर डिजाइन, पक्के घाट, बैठने की व्यवस्था और मनमोहक प्राकृतिक वातावरण के कारण यह स्थल लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
शाम होते ही बड़ी संख्या में नगरवासी परिवार और मित्रों के साथ यहां पहुंचकर नदी के मनोरम दृश्य का आनंद लेते हैं। ठंडी और शुद्ध हवा के बीच लोग सैर करते हैं, घाट की सीढ़ियों पर बैठकर प्रकृति की खूबसूरती को निहारते हैं और अपने दिनभर की थकान दूर करते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए यह स्थान पसंदीदा बनता जा रहा है।
नगरवासियों का कहना है कि टिमरन नदी का यह घाट नगर की सुंदरता में चार चांद लगा रहा है। इससे न केवल शहर को एक नई पहचान मिली है, बल्कि लोगों को स्वच्छ और शांत वातावरण में समय बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान भी उपलब्ध हुआ है।
नगर के लोगों ने इस सराहनीय कार्य के लिए नगर परिषद टिमरनी एवं नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र भारद्वाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के विकास कार्य शहर की सुंदरता और नागरिक सुविधाओं को नई दिशा देते हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी नगर के विकास और सौंदर्यीकरण के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

0 टिप्पणियाँ