Hot Posts

6/recent/ticker-posts

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी किसान से जमीन के सीमांकन के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, मामला स्लीमनाबाद तहसील के कौड़िया गांव का है। शिकायतकर्ता किसान शिव कुमार जायसवाल अपनी जमीन का सीमांकन करवाना चाहता था। आरोप है कि पटवारी प्रकाश मेहरा सीमांकन के कार्य के लिए बार-बार पैसे की मांग कर रहा था। किसान ने इस संबंध में लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। लोकायुक्त अधिकारियों ने शिकायतकर्ता को चिन्हित 5 हजार रुपये दिए और पटवारी को सौंपने के लिए कहा। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना से राजस्व विभाग और तहसील परिसर में हड़कंप की स्थिति है। वहीं लोकायुक्त की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About