Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हरदा में अलग-अलग हादसों में मासूम और युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

हरदा। जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक आठ वर्षीय बालक और 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पहली घटना में करंट लगने से मासूम की जान चली गई, जबकि दूसरी घटना में जहरीला पदार्थ खाने से युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रहटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मगरधा निवासी 8 वर्षीय प्रिंस सूर्यवंशी गुरुवार सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रहा था। नहाने के बाद उसने घर में रखा कूलर चालू किया, तभी उसे अचानक करंट लग गया। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि प्रिंस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता निजी यात्री बस में कंडक्टर हैं और घटना के समय ड्यूटी पर थे। सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे।

वहीं दूसरी घटना टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम बिल्लोद से जुड़ी है। गांव निवासी 35 वर्षीय आनंद खरे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल सोहागपुर गए हुए थे। गुरुवार सुबह उन्होंने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन पहले उन्हें टिमरनी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

आनंद मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा मौत के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About