डंडों की बेरहम चोटों ने छीनी जिंदगी: खेत की टपरी के बाहर खटिया पर मिला सेवंती बाई का शव, पति पर हत्या का शक
हरदा। जिले के सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुरा में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में बनी टपरी के बाहर खटिया पर 35 वर्षीय महिला सेवंती बाई पालवी का खून से लथपथ शव मिला। महिला के शरीर पर डंडों से बेरहमी से पीटने के गहरे निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पुलिस का शक सीधे महिला के पति बंशीलाल कोरकू पर जा टिका है।
पुलिस के मुताबिक, सेवंती बाई अपने पति बंशीलाल और बच्चों के साथ रामपुरा नहर के पास किसान बुजेश बांके के खेत में बनी टपरी में रहती थी। मूल रूप से परिवार ग्राम बंदीमुड़िया का रहने वाला है और खेत में मजदूरी कर जीवनयापन करता था। परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है, जिनमें सबसे बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है।
बेटी ने खोले रात के रहस्य
मामले में नया मोड़ तब आया, जब मृतका की सबसे छोटी बेटी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात एक अज्ञात व्यक्ति उसकी मां को शराब पिलाकर बाइक से घर छोड़कर गया था। इसके कुछ ही घंटे बाद शनिवार सुबह मां का शव टपरी के बाहर खटिया पर पड़ा मिला। बेटी के इस बयान के बाद पुलिस अब उस अज्ञात व्यक्ति की भी तलाश कर रही है।
चरित्र शंका बना हत्या की वजह!
सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि महिला के शरीर पर चोट और डंडों से पिटाई के स्पष्ट निशान मिले हैं। घटनास्थल की परिस्थितियों और प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर प्रथम दृष्टया पति बंशीलाल कोरकू पर हत्या का संदेह है। पुलिस को आशंका है कि चरित्र शंका के चलते पति ने रात में डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी।
एफएसएल जांच के बाद होगा खुलासा
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए खिरकिया भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और पूछताछ के बाद हत्या की असली वजह और घटनाक्रम पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल इस हत्याकांड की कई कड़ियां अभी जुड़नी बाकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि महिला को रात में घर तक छोड़ने वाला कौन था, उसे शराब किसने पिलाई और आखिर घर के अंदर ऐसा क्या हुआ कि कुछ ही घंटों में उसकी जान चली गई। इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।

0 टिप्पणियाँ