हरदा। शहर के सिटी कोतवाली ओर सिविल न्यायालय के समीप हरदौल बाबा मंदिर क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक आवारा और आक्रामक कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम में चार बच्चों सहित कुल 19 लोग घायल हो गए। कुत्ते के हमलों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कुत्ता इतना उग्र था कि उसने बचाव कार्य में जुटे कर्मचारियों पर भी हमला कर दिया। इस दौरान नगर पालिका के वाहन चालक सागर झाझोट (26) भी कुत्ते के हमले का शिकार हो गए। स्थानीय लोगों और नगर पालिका कर्मचारियों ने काफी प्रयास के बाद लकड़ियों की सहायता से कुत्ते को काबू में किया और उसे पकड़कर नगर पालिका के वाहन में सुरक्षित ले जाया गया।
हमले में घायल सभी लोगों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। डॉक्टर अनुराग पांडे के अनुसार, घायलों में से पांच से छह लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य की स्थिति सामान्य बताई गई है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा नियमित अभियान चलाकर ऐसे आक्रामक कुत्तों को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

0 टिप्पणियाँ