Hot Posts

6/recent/ticker-posts

पूर्व पटवारी ने थाना प्रभारी पर लगाए फर्जी प्रकरण दर्ज करने के आरोप, एसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग


हरदा। जिले के टिमरनी थाना पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष एवं 65 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक कोदर सिंह राजपूत ने टिमरनी थाना प्रभारी पर दुर्भावनावश फर्जी काउंटर एफआईआर दर्ज करने, पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने और पुलिसिया दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरदा को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

शिकायत में कोदर सिंह राजपूत ने आरोप लगाया है कि थाना प्रभारी ने मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय एक पक्ष को संरक्षण देने और दूसरे पक्ष पर दबाव बनाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि जिस घटना में उन्हें आरोपी बनाया गया, उस समय वे घटनास्थल पर मौजूद ही नहीं थे, इसके बावजूद उनके खिलाफ काउंटर प्रकरण दर्ज कर दिया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों की अनदेखी करते हुए जल्दबाजी में मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कार्रवाई से टिमरनी थाना पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शिकायत में थाना प्रभारी के व्यवहार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कोदर सिंह राजपूत के अनुसार, वे न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के बजाय उन्हें प्रताड़ित और अपमानित करने का प्रयास किया गया।

शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र वरिष्ठ अधिकारी, विशेष रूप से एसडीओपी स्तर के अधिकारी से कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित प्रकरण से थाना प्रभारी को अलग करने और थाने के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग भी की है, ताकि जांच के दौरान वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

जनचर्चा का विषय बना मामला

मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि टिमरनी थाना पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी या शिकायतकर्ताओं को ही आरोपी बनाकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास जारी रहेगा। अब सभी की नजर पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई और जांच के परिणाम पर टिकी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About