उज्जैन/बड़नगर। मोहर्रम के जुलूस के दौरान क्रेन से करीब 40 फीट ऊंचाई पर एक टाटा मैजिक वैन लटकाकर उसमें *पटाखों से विस्फोट किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन* आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला है तथा उनके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरी घटना के पीछे आरोपियों का उद्देश्य क्या था।
पुलिस के अनुसार, घटना 23 जून की रात बड़नगर के जय स्तंभ चौक पर मोहर्रम जुलूस के दौरान हुई। क्रेन से हवा में लटकाई गई वैन पर कथित रूप से "ले फिर आ गए" लिखा था और उस पर दो युवक लाल झंडे लहरा रहे थे। इसके बाद वैन में रखे पटाखों में विस्फोट किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
बड़नगर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 110, 125(ए), 223(बी), 285, 287, 288 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया है।
*भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुआ विस्फोट*
पुलिस के अनुसार, भीड़भाड़ वाले इलाके में क्रेन से वाहन लटकाकर उसमें पटाखे रखकर विस्फोट किया गया। विस्फोट के कारण वाहन के कांच और अन्य वस्तुएं नीचे गिरीं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की जान को खतरा पैदा हो गया।
*तीन आरोपी गिरफ्तार*
पुलिस ने मामले में शोएब पुत्र गब्बू, जाहिद पुत्र भूरा खां और तपसील उर्फ तस्लीम पुत्र नेहरू खां, निवासी अडान मोहल्ला, को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकाला गया। वहीं क्रेन मालिक गोपाल माली के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे की मंशा का भी पता लगाया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ