पुलिस के अनुसार फरियादी रामनिवास खोरे (58) ने शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम धनकार स्थित 4.5 एकड़ भूमि पर उनका पिछले 25 वर्षों से कब्जा है। सोमवार सुबह सुरेश खोरे और राजेश खोरे उनके घर के सामने पहुंचे और जमीन का कब्जा छोड़ने को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान सुरेश ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे रामनिवास के सिर और हाथ की अंगुली में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र सुशील खोरे और भतीजे राजकुमार के साथ भी मारपीट एवं झूमाझटकी की गई। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
वहीं दूसरे पक्ष के महेश प्रसाद खोरे (65) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संबंधित 4.5 एकड़ भूमि उनके नाम दर्ज है, जिस पर रामनिवास और जगदीश कई वर्षों से कब्जा किए हुए हैं। सोमवार को उनका पुत्र राजेश खोरे जमीन खाली करने की बात करने रामनिवास के घर गया था। आरोप है कि इस दौरान रामनिवास ने गाली-गलौज करते हुए झूमाझटकी शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे महेश प्रसाद, उनके पुत्र सुरेश और बहू मनीषा के साथ भी मारपीट हुई। महेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि सुशील खोरे ने उनके सिर पर पत्थर मारा तथा राजकुमार ने उनकी बहू मनीषा पर लकड़ी से हमला किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है तथा मामले की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ