Hot Posts

6/recent/ticker-posts

पंचायत की जमीन पर कब्जे का आरोप, थाली बजाकर जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीण


कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी, अतिक्रमण हटाने की मांग; प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

हरदा। पंचायत की जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को जनसुनवाई में खुलकर सामने आया। तहसील हंडिया के ग्राम कोलिपुरा के दर्जनों महिला-पुरुष थाली बजाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और अनूठे तरीके से विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने प्रशासन पर शिकायतों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए पंचायत की भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव की पंचायत की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से कब्जा किया गया है। इस संबंध में पंचायत और राजस्व अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है। जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो उन्हें इस प्रकार विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।

ग्रामीणों ने हाथों में थालियां लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और कहा कि पंचायत की जमीन गांव की सार्वजनिक संपत्ति है, जिस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन कराकर कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। इस दौरान महिलाओं की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही, जिन्होंने पंचायत की जमीन बचाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।

तहसीलदार विरेन्द्र उईके ने ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराने और नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। तहसीलदार श्री उईके ने बताया कि पहले कार्यवाही की गई है यदि फिर से अतिक्रमण हुआ है तो जांच कर अतिक्रमण हटाया जायेगा । हालांकि ग्रामीण अब आश्वासन के बजाय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About