पूनिया परिवार का नांदरा गांव की राजनीति और विकास में भी विशेष योगदान रहा है। परिवार ने गांव को दो निर्विरोध सरपंच दिए। स्वर्गीय भगवान जी पूनिया ने निर्विरोध सरपंच के रूप में गांव का नेतृत्व किया, वहीं उनके पुत्र रामभरोस जी पूनिया ने भी निर्विरोध सरपंच बनकर जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया। इसके बाद परिवार की तीसरी पीढ़ी से संतोष पूनिया ने वर्ष 2014 से 2021 तक सात वर्षों तक सरपंच रहते हुए पंचायत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
संतोष पूनिया के कार्यकाल में नांदरा पंचायत ने स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार सात वर्षों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और हरदा क्लस्टर की अग्रणी पंचायत के रूप में पहचान बनाई। गांव में लाखों रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, लगभग 10 किलोमीटर ग्रेवल और मोरमीकरण सड़कें, सड़क किनारे हजारों पौधों का रोपण, भव्य स्वागत द्वार, नादेप निर्माण, नदी पर छोटे डेम का निर्माण तथा नवीन पंचायत भवन और उप स्वास्थ्य केंद्र जैसी कई महत्वपूर्ण विकास योजनाएं साकार हुईं। इसके अलावा नांदरा और गोयत गांव में नाली, पानी की टंकी और पाइपलाइन जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी विस्तार किया गया।
परिवार की नई पीढ़ियां भी अपने पूर्वजों की विरासत को आगे बढ़ा रही हैं। अरुण, राहुल, विशाल और आर्यन से लेकर रियांश, आर्यमान, अधिश्री, प्रियदर्शनी और अविरा तक पांच पीढ़ियों का यह पारिवारिक संगम सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों का सुंदर उदाहरण बन गया है।
इस अवसर पर परिवार ने स्वर्गीय सुगना बाई पूनिया की पुण्य स्मृति को सेवा से जोड़ते हुए जाट कर्मा बाई आश्रम, हंडिया को ₹11,000 की राशि भेंट कर समाजसेवा का संदेश दिया। परिवारजनों ने कहा कि माताजी के आदर्श, संस्कार और सेवा भावना सदैव उन्हें समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
नांदरा गांव में पांच पीढ़ियों का एक साथ होना केवल पूनिया परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे हरदा जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय माना जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ