Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सीमांकन के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते महिला पटवारी गिरफ्तार


इंदौर/धार, प्रतिनिधि। इंदौर लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धार जिले की बदनावर तहसील में पदस्थ एक महिला पटवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। महिला पटवारी पर जमीन के सीमांकन के कार्य के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी सुरेश सिंह पवार (50 वर्ष) निवासी ग्राम बोरखेड़ी, तहसील बदनावर, जिला धार ने लोकायुक्त इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन के सीमांकन के लिए संबंधित महिला पटवारी सुश्री कला भद्र द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत का सत्यापन उप पुलिस अधीक्षक स्तर पर कराया गया, जिसमें शिकायत सही पाई गई।

इसके बाद 16 जून 2026 को लोकायुक्त इंदौर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही महिला पटवारी ने फरियादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत की राशि स्वीकार की, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।

बताया गया है कि आरोपी महिला पटवारी बदनावर तहसील के अंतर्गत एक हल्के में पदस्थ है और उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वतखोरी के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About