हरदा। मध्य प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में संचालित "कुपोषित बच्चों को गोद लेने" अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का लगातार सहयोग मिल रहा है। इसी क्रम में कैट (कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) के जिलाध्यक्ष सरगम जैन एवं उनकी टीम ने एक कुपोषित बालक के घर पहुंचकर उसे पोषण आहार किट एवं खिलौने भेंट किए तथा उसके बेहतर स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सरगम जैन ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त होना ही एक विकसित एवं समृद्ध समाज की पहचान है। कुपोषण जैसी गंभीर समस्या के समाधान के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत बालक को गोद लेकर उसके उचित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और आवश्यक सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले में विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन और जागरूक नागरिक इस अभियान से जुड़कर कुपोषित बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहे हैं। यह पहल न केवल बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार ला रही है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत कर रही है।
अभियान से जुड़े लोगों ने नागरिकों से भी अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता निभाएं और "कुपोषण मुक्त हरदा" के निर्माण में सहयोग करें। सामूहिक प्रयासों से ही जिले के सभी बच्चों को कुपोषण से मुक्त कर स्वस्थ, खुशहाल और उज्ज्वल भविष्य प्रदान किया जा सकता है।

0 टिप्पणियाँ