Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हरदा में डीजल संकट से किसान परेशान, ट्रैक्टर और कृषि कार्य प्रभावित


हरदा। जिले में डीजल की कमी के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध नहीं होने से किसान घंटों भटकने को मजबूर हैं। इस संकट का सीधा असर खेती-किसानी और कृषि कार्यों पर पड़ रहा है।

किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच ट्रैक्टर, थ्रेसर, पंपसेट और अन्य कृषि मशीनें डीजल के अभाव में बंद पड़ी हैं। डीजल नहीं मिलने से खेतों की जुताई, बुवाई और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

खरीफ की बुवाई का संकट

किसानों की समस्या बढ़ती जा रही है. हर जगह किसानों को लाइन में लगना पड़ रहा है। कभी खाद के लिए तो कभी बीज के लिए, अब डीजल के लिए किसान परेशान हैं। अभी मूंग की कटाई और खरीब की फसल बुआई के लिए किसानों को डीजल की सबसे ज्यादा जरूरत है। किसानों का कहना है कि समय पर डीजल नहीं मिलने के कारण ट्रैक्टर और अन्य उपकरण ठप हैं। ऐसे में बारिश आ गई तो अगली फसल की बुआई नहीं हो पाएगी और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

डीजल की कमी के चलते पेट्रोल पंपों पर किसानों की भीड़ लग रही है, जिस पंप पर डीजल मिलने की सूचना मिलती है, किसान लेने पहुंच जाते हैं। हरदा के एक पंप पर जैसे ही डीजल की गाड़ी आई आसपास के गांवों के अलावा से किसान पहुंच गये। पंप पर भीड़ जमा हो गई। किसान 30 से 40 किलोमीटर दूर से डीजल लेने आ रहे हैं. ग्राम उंडावा से आये किसान मनोज विश्नोई का कहना है " ग्राम के आसपास कहीं भी डीजल नहीं होने के कारण उन्हें जिला मुख्यालय पर आना पड़ा।"

कई किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें डीजल के लिए एक पेट्रोल पंप से दूसरे पेट्रोल पंप तक चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन पर्याप्त मात्रा में ईंधन नहीं मिल पा रहा है। कुछ स्थानों पर सीमित मात्रा में डीजल वितरण किया जा रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

किसानों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर डीजल आपूर्ति सामान्य कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कृषि कार्यों में देरी से उत्पादन प्रभावित हो सकता है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं प्रशासन का कहना है कि डीजल आपूर्ति को सुचारु बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

हरेक व्यक्ति को 50 लीटर डीजल

पेट्रोल पंप संचालक का कहना है "सुबह डीजल की गाड़ी आई है और हम सभी को संतुलन बनाकर डीजल दे रहे हैं। हमारा प्रयास यही है कि सभी को डीजल मिले। डिपो से डीजल की समस्या है, लोगों से अपील कर रहे हैं कि शांति से एक-एक कर डीजल लें। हम अधिक से अधिक 50 लीटर डीजल एक आदमी को दे रहे हैं। किसान आपस में झगड़ा कर रहे हैं, अगर वे व्यवस्था बनाते हैं तो भीड़ नहीं लगेगी, सभी को डीजल मिलेगा।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About