Hot Posts

6/recent/ticker-posts

भीषण सड़क हादसा; रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को रौंदा, 38 वर्षीय युवक की मौत, चालक हिरासत में

हरदा/करताना। टिमरनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली करताना पुलिस चौकी इलाके में रविवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ करताना और तजपुरा के बीच हनुमान मंदिर के पास एक तेज रफ्तार और रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।

करताना से काम खत्म कर गांव लौट रहा था सुधीर

पुलिस और पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, करताना चौकी क्षेत्र के ग्राम कुहिग्वाड़ी निवासी सुधीर पिता सुरेश तोमर (उम्र 38 वर्ष) पेशे से सेंटिंग (मकान निर्माण) लगाने का काम करता था। रविवार को वह रोजाना की तरह करताना क्षेत्र में काम पर गया हुआ था। शाम को अपना काम पूरी तरह खत्म करने के बाद, रात करीब 8:00 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव कुहिग्वाड़ी लौट रहा था। तभी रास्ते में करताना और तजपुरा के बीच स्थित हनुमान मंदिर के समीप सामने से काल बनकर आ रही एक ओवरलोड रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही थम गईं सांसें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल के बीच हुई यह भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि सुधीर उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना होते ही घटना स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल सुधीर को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां परीक्षण के उपरांत डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल हरदा की मोर्चरी (शव गृह) में रखवाया गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव, वैधानिक कार्रवाई जारी

घटना की सूचना मिलते ही कुहिग्वाड़ी गांव और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार सुबह जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम (पीएम) किया गया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए बिलखते परिजनों को सौंप दिया गया है।

इस मामले में करताना चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना कारित करने वाले ट्रैक्टर को चिह्नित कर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और उसे चौकी परिसर में खड़ा करवाया गया है। पुलिस ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर जान लेने वाले आरोपी ट्रैक्टर चालक को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर आगे की वैधानिक व कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About