भोपाल में हुई बैठक प्रदेशभर के पदाधिकारी रहे शामिल
भोपाल । मध्यप्रदेश पटवारी संघ द्वारा पदोन्नति सहित लंबित मांगों को लेकर आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से रविवार को भोपाल स्थित संघ कार्यालय, सहाद्री परिसर (भदभदा रोड) में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के जिला एवं संभाग अध्यक्षों के साथ वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया और समस्याओं व सुझावों से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराया।
उक्त जानकारी देते हुए पटवारी संघ के प्रदेश संवाद समिति अध्यक्ष राजीव जैन एवं महामंत्री धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह बघेल ने की। इस दौरान पदोन्नति सहित पटवारियों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने के लिए आगामी आंदोलन की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि पटवारियों की वर्षों से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होता है तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके लिए सभी जिला इकाइयों को संगठन को मजबूत करने और आंदोलन के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए गए।
श्री जैन ने बताया कि बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा सभी जिलों से सुझाव लिए गए हैं। संगठन की एकजुटता के साथ आगामी रणनीति पर सहमति बनी है और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्वरूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने 10 जुलाई 2026 को जारी पत्र के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला एवं संभाग अध्यक्षों तथा वरिष्ठ पदाधिकारियों को इस बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी आंदोलन की रूपरेखा एवं रणनीति तय करना था।

0 टिप्पणियाँ