हरदा। शहर के वार्ड क्रमांक 30 में पूर्व भाजपा पार्षद धर्मेंद्र माली के 19 वर्षीय पुत्र तरुण माली ने अपने घर की ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। रविवार सुबह परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो तरुण फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता धर्मेंद्र माली ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले तरुण कोमा में चला गया था। इसके बाद से उसकी तबीयत लगातार खराब रहती थी और उसे बार-बार दौरे पड़ते थे। इसी वजह से वह घर पर ही रहता था। शनिवार को भी उसे दो बार दौरे आए थे। रात करीब 12 बजे तक वह अपने छोटे भाई के साथ कमरे में मौजूद था, लेकिन इसके बाद उसने कब और कैसे यह कदम उठा लिया, इसकी जानकारी किसी को नहीं लग सकी।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शव वाहन खराब होने से उठे सवाल
इस घटना के दौरान नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हुए। जानकारी के अनुसार नगर पालिका का शव वाहन पिछले करीब तीन महीनों से खराब पड़ा है। ऐसे में पोस्टमार्टम के बाद शव को अस्पताल से घर तक पहुंचाने के लिए शांति वाहन का सहारा लेना पड़ा। बड़े आकार के इस वाहन को अस्पताल परिसर में लाने-ले जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।