रहटगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब एक किलो गांजा जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
रहटगांव, हरदा। जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए रहटगांव पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी मनोज दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नशे के सौदागर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब एक किलो अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मगरधा जोड़ क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां राजेश पिता फूलचंद को गिरफ्तार किया गया। आरोपी भुट्टे की दुकान की आड़ में अवैध रूप से गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहा था। पुलिस ने मौके से लगभग एक किलो गांजा जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह जानकारी जुटा रही है कि गांजा कहां से लाया जाता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
थाना प्रभारी मनोज दुबे ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रहटगांव पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है।