नर्मदा जल लेकर गुप्तेश्वर मंदिर पहुंचेंगे कावड़ यात्री, भगवान भोलेनाथ का होगा जलाभिषेक
हरदा। सावन के पावन माह में भगवान भोलेनाथ की भक्ति और मां नर्मदा के प्रति श्रद्धा को समर्पित ‘हर हर महादेव कावड़ यात्रा’ का आयोजन प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी किया जा रहा है। आगामी 17 अगस्त 2026, सोमवार को प्रातः 8 बजे मां नर्मदा के पवित्र तट हंडिया से कावड़ यात्रा का शुभारंभ होगा।
कावड़ यात्री मां नर्मदा का पवित्र जल कावड़ में लेकर हरदा स्थित प्रसिद्ध गुप्तेश्वर मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन होकर गुप्तेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। यहां मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
कावड़ यात्रा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों में उत्साह का माहौल है। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी देगी।
डॉ. रामकिशोर दोगने, विधायक हरदा ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं शिवभक्तों से कावड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना श्रद्धा और आस्था का अनुपम अवसर है। सभी क्षेत्रवासी इस पावन यात्रा में सहभागी बनकर धर्मलाभ प्राप्त करें।
डॉ. दोगने ने समस्त क्षेत्रवासियों से सादर आग्रह किया है कि वे 17 अगस्त को प्रातः 8 बजे हंडिया पहुंचकर ‘हर हर महादेव कावड़ यात्रा’ में शामिल हों और इस पावन धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।