महिला सहित तीन आरोपियों से नगदी, सोने की चेन, मोबाइल और पर्स बरामद, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
टिमरनी। हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र में मूंग बेचकर लौट रहे दो किसानों के साथ हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया माल बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक शंशाक के कुशल मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मिश्रा तथा एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलया के निर्देशन में थाना टिमरनी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
नहर किनारे रोककर की थी लूट
थाना पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को फरियादी धीरज पटेल निवासी बहरागांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साले मनीष के साथ टिमरनी वेयरहाउस में मूंग बेचने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली लाइन में खड़ी कर रात करीब 10 से 11 बजे मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा था।
जब दोनों सोडलपुर नहर के पास पहुंचे, तब सड़क किनारे उषा बंजारा अपने साथियों नरेन्द्र सोलंकी, अजय बंजारा और विजय के साथ शराब पी रही थी। जैसे ही दोनों वहां से निकले, चारों आरोपियों ने दौड़कर उनकी मोटरसाइकिल रोक ली।
पुलिस के अनुसार, उषा बंजारा और नरेन्द्र सोलंकी ने धीरज पटेल की जेब से करीब 3 हजार रुपये नगद से भरा पर्स तथा रेडमी एम-13 मोबाइल छीन लिया। वहीं, धीरज के साले मनीष को बचाने के दौरान अजय बंजारा और विजय नायक ने उसका 2 हजार रुपये से भरा पर्स, रियलमी कंपनी का मोबाइल और गले में पहनी सोने की चेन लूट ली। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उनके सिर एवं शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान किसी राहगीर ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस वाहन को आता देख आरोपी फरियादी की मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए।
लूट का मामला दर्ज कर शुरू की जांच
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना टिमरनी में अपराध क्रमांक 440/26 के तहत धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित स्थानों पर दबिश दी। थाना प्रभारी मुकेश गौड़ के नेतृत्व में 1 अगस्त 2026 को घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में—
पुलिस ने तीनों आरोपियों से पृथक-पृथक पूछताछ कर दो पर्स, नगदी, एक सोने की चेन, मोबाइल एवं संबंधित दस्तावेज विधिवत जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने बताया कि मामले का एक आरोपी नरेन्द्र सोलंकी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की रही सराहनीय भूमिका
पूरे घटनाक्रम के खुलासे में एसडीओपी टिमरनी श्रीमती आकांक्षा तलया, थाना प्रभारी मुकेश गौड़, उप निरीक्षक रामविलास करपे, उप निरीक्षक प्रियंका पाठक, प्रधान आरक्षक नवीन चौधरी, आरक्षक अर्जुन लोवंशी, आरक्षक अभिलेष चतुर्वेदी, आरक्षक सुनील, आरक्षक शैलेन्द्र राजपूत, आरक्षक पिंटू उईके, आरक्षक अनीता तथा महिला सैनिक मोनिका जाट की सराहनीय भूमिका रही।