कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ नर्मदापुरम संभाग के विभाग प्रमुख जितेंद्र सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ जिला हरदा के जिलाध्यक्ष मुकेश धामनदे, जिला मंत्री प्रबल पवार, मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव जैन, भारतीय मजदूर संघ के मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश गुर्जर, नितीन राजवैद्य सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जितेंद्र सोनी ने कहा कि वीरांगना शहीद अमृता देवी ने पर्यावरण एवं वृक्षों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर समाज के सामने पर्यावरण संरक्षण की अद्वितीय मिसाल प्रस्तुत की। उनके इसी महान बलिदान की स्मृति में भारतीय मजदूर संघ द्वारा प्रतिवर्ष 28 अगस्त को पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की रक्षा और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति के निर्देशानुसार इस वर्ष 23 अगस्त से 30 अगस्त तक पर्यावरण सप्ताह मनाया जा रहा है। सप्ताह के दौरान पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। भारतीय मजदूर संघ ने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष का रूप देने की अपील की।