हरदा। शहर में नवजात बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने बघेल अस्पताल हरदा के डॉक्टर एवं स्टाफ पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर मृतक नवजात के पिता अंकित जैन पिता विनोद कुमार जैन, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेहरू स्टेडियम के पास, सोमानी के मकान, हरदा ने सिटी कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जैन समाज के बड़ी संख्या में लोग भी सिटी कोतवाली पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
2 अक्टूबर को बघेल अस्पताल में हुआ था जन्म
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार अंकित जैन ने बताया कि उनकी पत्नी आकृति जैन को 2 अक्टूबर 2026 को प्रसव के लिए बघेल अस्पताल हरदा में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार बच्चे के जन्म के बाद वह अस्पताल में ही उपचार एवं निगरानी में रहा।
शिकायत में पिता ने आरोप लगाया कि 5 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे अस्पताल से उनकी पत्नी को छुट्टी दे दी गई। इसी दौरान अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें बताया कि बच्चे का मलद्वार नहीं है और उसे इंदौर अथवा जहां उचित समझें, वहां ले जाएं।
चार दिन तक जानकारी नहीं देने का आरोप
अंकित जैन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि बच्चे के जन्म से लेकर अस्पताल से छुट्टी मिलने तक करीब चार दिन का समय बीत गया, लेकिन बघेल अस्पताल के डॉक्टर एवं स्टाफ ने बच्चे में मलद्वार नहीं होने की जानकारी पहले नहीं दी। इसके बाद वे चार दिन के नवजात को लेकर शासकीय अस्पताल हरदा पहुंचे।
शासकीय अस्पताल में बच्चे को तत्काल भर्ती किया गया और प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया। परिजन रात करीब 2 से 2:30 बजे इंदौर के महात्मा गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचे, जहां बच्चे को भर्ती कराया गया।
ऑपरेशन के बाद वेंटिलेटर पर रखा, मौत से मचा कोहराम
शिकायत के मुताबिक 6 अक्टूबर को इंदौर के अस्पताल में बच्चे के पेट का ऑपरेशन किया गया। इसके बाद करीब दो दिन तक बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया। परिजनों के अनुसार 7 अक्टूबर को बच्चे के मलद्वार का ऑपरेशन किया जाना था, लेकिन ऑपरेशन से पहले ही दोपहर करीब 3:15 बजे बच्चे की मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजन बच्चे के शव को लेकर हरदा शासकीय अस्पताल पहुंचे, जहां शव को मरच्यूरी में रखा गया।
पिता ने लगाया लापरवाही का आरोप, जांच की मांग
मृतक बच्चे के पिता अंकित जैन ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बच्चे की मौत के लिए बघेल अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नवजात की मौत के वास्तविक कारण और उपचार में किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे कोतवाली
घटना की जानकारी मिलते ही जैन समाज के बड़ी संख्या में लोग सिटी कोतवाली हरदा पहुंचे। समाजजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं, मामले में बघेल अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। पुलिस जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।