हरदा से बैतूल के बीच आकार ले रहा भव्य जैन तीर्थ ‘अनेकांत धाम’, 31 फीट ऊंचे चंद्रप्रभु भगवान सहित तीन विशाल प्रतिमाएं पहुंचीं हरदा

हरदा से बैतूल के बीच आकार ले रहा भव्य जैन तीर्थ ‘अनेकांत धाम’, 31 फीट ऊंचे चंद्रप्रभु भगवान सहित तीन विशाल प्रतिमाएं पहुंचीं हरदा


राजस्थान के कुचामन सिटी से ग्रेनाइट पत्थर की प्रतिमाएं लेकर निकला ट्राला हरदा पहुंचा, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन और की अनुमोदना; 29 नवंबर को होगा भूमि पूजन एवं शुद्धीकरण

हरदा। धर्म और अध्यात्म की नगरी हरदा के लिए यह गौरव और हर्ष का अवसर रहा, जब बैतूल और हरदा के मध्य चिचोली के समीप पाटाखेड़ा में आकार ले रहे भव्य दिगंबर जैन तीर्थ स्थल ‘अनेकांत धाम’ में विराजमान होने के लिए राजस्थान से लाई जा रही भगवान की तीन विशाल पाषाण प्रतिमाओं का शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे हरदा नगर के हाईवे पर आगमन हुआ। भगवान की विशाल प्रतिमाओं के दर्शन के लिए जैन समाज के श्रद्धालु उमड़ पड़े। धर्मप्रेमियों ने भक्तिभाव के साथ दर्शन कर प्रतिमाओं की स्थापना के पुण्य कार्य की अनुमोदना की।

राजस्थान के कुचामन सिटी से विशेष ट्राले में रखकर लाई जा रही इन तीनों प्रतिमाओं का निर्माण ग्रेनाइट पत्थर से किया गया है। इनमें भगवान चंद्रप्रभु की 31 फीट ऊंची, भगवान सुपार्श्वनाथ की 27 फीट ऊंची और भगवान पार्श्वनाथ की 27 फीट ऊंची विशाल प्रतिमाएं शामिल हैं। अत्यंत विशाल और वजनी होने के कारण इन्हें विशेष व्यवस्था के साथ सड़क मार्ग से पाटाखेड़ा, चिचोली स्थित अनेकांत धाम ले जाया जा रहा है। इन प्रतिमाओं का आगमन क्षेत्र में जैन धर्म की आध्यात्मिक और धार्मिक प्रभावना का नया अध्याय जोड़ने जा रहा है।

श्री दिगंबर जैन समाज हरदा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन एवं कोषाध्यक्ष राजीव जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि मुनि श्री 108 आचार्य विशुद्धसागर जी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से हरदा-बैतूल मार्ग पर चिचोली के समीप पाटाखेड़ा में ‘अनेकांत धाम’ नाम से नवीन जैन तीर्थ एवं जिनालय का निर्माण आकार ले रहा है। यह स्थल आने वाले समय में जैन समाज की आस्था, साधना और धर्म आराधना का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि इस जिनालय के निर्माण का उद्देश्य केवल एक नवीन पूजा स्थल विकसित करना ही नहीं, बल्कि धर्म साधना और आध्यात्मिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करना है। इस तीर्थ के विकसित होने से इस मार्ग पर पैदल विहार करने वाले दिगंबर जैन साधु-संतों एवं आर्यिका माताजी के लिए भी सुविधाजनक विश्राम और धर्म आराधना का स्थान उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र में धर्म प्रभावना को नई दिशा मिलेगी।

सहस्रकूट जिनालय में हरदा समाज का 51 प्रतिमाओं का सहयोग

अनेकांत धाम परिसर में सहस्रकूट जिनालय का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसमें हरदा नगर के जैन समाज की ओर से 51 प्रतिमाओं का सहयोग प्रदान किया गया है। विभिन्न परिवारों एवं उनके रिश्तेदारों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ इस पुण्य कार्य में सहभागिता की है। यह सहयोग समाज की धार्मिक एकजुटता, समर्पण और जिनशासन के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है।

समाज पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 29 नवंबर को तीनों प्रतिमाओं के पूजन स्थापना के साथ तीर्थ स्थल पर भूमि पूजन एवं शुद्धीकरण का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

हरदा में हुआ भक्तिभाव से स्वागत

शुक्रवार को हरदा पहुंचे भगवान की तीनों विशाल पाषाण प्रतिमाओं के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने स्वयं को धन्य अनुभव किया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र अजमेरा, सुरेंद्र जैन, आकाश लहरी, प्रदीप अजमेरा, राजीव जैन, वैभव जैन, राहुल रपरिया, डाक्टर नवीन जैन, छविन्द्र बजाज, राजकुमार कठनेरा, चेतन लहरी, सिद्धांत पाटनी सहित बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।

तीनों प्रतिमाओं के आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण रहा। जैन समाज के लोगों ने इस पुनीत कार्य की अनुमोदना करते हुए मंगल कामना की कि अनेकांत धाम शीघ्र ही भव्य स्वरूप में निर्मित होकर धर्म, ध्यान, तप, त्याग और अहिंसा की प्रेरणा देने वाला एक महत्वपूर्ण तीर्थ बने।

अनेकांत धाम का निर्माण केवल एक जिनालय की स्थापना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भगवान के सिद्धांतों, अनेकांत दर्शन, अहिंसा और आत्मकल्याण के मार्ग से जोड़ने का एक पवित्र संकल्प है। यह तीर्थ हरदा और बैतूल सहित आसपास के क्षेत्रों में जैन धर्म की प्रभावना का नया केंद्र बनेगा।





Cookie Consent
We serve cookies on this site to analyze traffic, remember your preferences, and optimize your experience.
Oops!
It seems there is something wrong with your internet connection. Please connect to the internet and start browsing again.
AdBlock Detected!
We have detected that you are using adblocking plugin in your browser.
The revenue we earn by the advertisements is used to manage this website, we request you to whitelist our website in your adblocking plugin.
Site is Blocked
Sorry! This site is not available in your country.
NextGen Digital Welcome to WhatsApp chat
Howdy! How can we help you today?
Type here...