आगर मालवा। जमीन का नक्शा दुरुस्त कराने के बदले रिश्वत मांगना पटवारी और कोटवार को भारी पड़ गया। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए पटवारी और कोटवार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि कोटवार संजय कुंभकार की पेंट की जेब से बरामद की गई। दोनों पर शिकायतकर्ता से कुल 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।
नक्शा सुधारने के लिए मांगे थे 60 हजार रुपए
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, आगर मालवा के राम मालीपुरा निवासी आशुतोष चौहान ने 23 नवंबर को लोकायुक्त एसपी उज्जैन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पिता चिंतामण चौहान की जमीन का नक्शा त्रुटिपूर्ण था। इसमें सुधार कराने के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया गया था।
इस संबंध में पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुंभकार से संपर्क किया गया। आरोप है कि दोनों ने नक्शा सुधारने के बदले 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसमें से 30 हजार रुपए पहले ही दिए जा चुके थे।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर शुक्रवार 27 नवंबर को कार्रवाई की योजना बनाई गई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को 10 हजार रुपए लेकर भेजा गया। जैसे ही पटवारी और कोटवार ने रिश्वत की राशि ली, लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया।
डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई डीएसपी दिनेशचंद पटेल के नेतृत्व में निरीक्षक हीना डावर सहित लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने की। कार्रवाई के दौरान कोटवार संजय कुंभकार की जेब से रिश्वत के 10 हजार रुपए बरामद किए गए। मामले में लोकायुक्त टीम द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।